NITI Aayog: नई दिल्ली/जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘विकसित राजस्थान-2047’ का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा शक्ति, निवेश, कृषि, (NITI Aayog)महिला सशक्तीकरण और सुशासन को विकास का आधार बनाकर राजस्थान को वर्ष 2029 तक 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
निवेश और उद्योग को मिलेगा नया बल
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 35 से अधिक नई नीतियां लागू की गई हैं। राजस्थान में 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू हुए हैं, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। साथ ही 9 एमएमटीपीए क्षमता वाली आधुनिक रिफाइनरी प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देगी।
युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की 63 प्रतिशत युवा आबादी को विकास का प्रमुख आधार बनाया जा रहा है। ‘माय भारत’ अभियान में 18 लाख से अधिक युवाओं के पंजीकरण के साथ राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है। राज्य में कौशल, युवा और रोजगार नीतियों के जरिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
किसान और महिला सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम फसल बीमा योजना के तहत 2.19 करोड़ पॉलिसियां जारी की गई हैं, जबकि पीएम-कुसुम योजना के अंतर्गत 496 सौर परियोजनाएं स्थापित की गई हैं। वहीं ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
सुशासन और ग्राम विकास बना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘राज उन्नति’ और ‘संपर्क पोर्टल’ जैसे नवाचारों से जन शिकायतों के निस्तारण में तेजी आई है। ग्राम विकास चौपाल और ग्राम विकास रथों के माध्यम से करोड़ों लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राजस्थान विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।































































