हजारों लोगों ने उठाया हाथ, लिया नशामुक्त भारत का प्रण… ब्रह्माकुमारीज़ का सबसे बड़ा अभियान शुरू

5

Nasha Mukt Bharat: जयपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के सहयोग से संचालित “10 करोड़ लोग नशामुक्त प्रतिज्ञा महाअभियान” का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। अभियान के उद्घाटन अवसर पर हजारों लोगों ने नशामुक्त जीवन जीने की शपथ लेकर समाज और राष्ट्र को व्यसनमुक्त बनाने का संकल्प लिया।(Nasha Mukt Bharat) कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद्, युवा एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

नशामुक्त भारत जनभागीदारी से बनेगा: अविनाश गहलोत

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि इस महाअभियान का उद्देश्य केवल शपथ दिलाना नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों में जागरूकता, आत्म-जागृति और नशामुक्त जीवन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र को प्रभावित करता है। युवा पीढ़ी को इससे दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा राजस्थान को तंबाकू निषेध अवार्ड-2026 से सम्मानित किया जाना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था को समाज जागरण के लिए बधाई देते हुए सभी नागरिकों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

श्रेष्ठ समाज के लिए विकारों से मुक्ति जरूरी

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ब्रह्माकुमारीज़ प्रबंधन समिति की सदस्या एवं जयपुर निदेशिका राजयोगिनी सुषमा दीदी ने कहा कि संस्था का लक्ष्य केवल नशामुक्त भारत नहीं, बल्कि काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसे विकारों से मुक्त श्रेष्ठ समाज का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से ही व्यक्ति और समाज दोनों का उत्थान संभव है।

राजयोग मेडिटेशन से 97 प्रतिशत सफलता का दावा

ब्रह्माकुमारीज़ मेडिकल विंग के सचिव बीके बनारसी भाई ने कहा कि सामान्य नशामुक्ति अभियानों की सफलता 10 से 30 प्रतिशत तक रहती है, जबकि राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से संस्था को लगभग 97 प्रतिशत सकारात्मक परिणाम मिले हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 2023 में ब्रह्माकुमारीज़ के साथ नशामुक्त भारत अभियान के लिए एमओयू किया तथा वर्ष 2024 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने भी संस्था के साथ समझौता किया। अब तक देशभर में चार करोड़ से अधिक लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जा चुकी है।

‘ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा’ से युवाओं तक पहुंच रही मुहिम

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के उपाधीक्षक मांगीलाल विश्नोई ने बताया कि “ऑपरेशन लक्ष्मण रेखा” के माध्यम से स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों में युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं सेवा केंद्र प्रभारी राजयोगिनी चन्द्रकला दीदी ने बताया कि आगामी चरणों में पूरे राजस्थान में प्रतिज्ञा अभियान, युवा संवाद और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में डॉ. एस.एन. धोलपुरिया (संयुक्त निदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग एवं राज्य नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम), राजेश अग्रवाल (अध्यक्ष, अग्रवाल समाज), राधाकिशन मीणा (थानाधिकारी, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स), पी.बी. चंदेल (उप निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग) सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, शिक्षाविद्, युवा एवं ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर नशामुक्त भारत, स्वस्थ समाज और संस्कारवान युवा शक्ति के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here