मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास का निर्देश, गर्भवती महिलाओं को समय पर मिले इलाज, मजबूत होगा रेफरल सिस्टम

3
Rajasthan News

Rajasthan News: जयपुर। राजस्थान में मातृ मृत्यु दर को कम करने और सुरक्षित मातृत्व सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उच्च जोखिम (हाई रिस्क) वाली गर्भवती महिलाओं को संभावित प्रसव तिथि से एक-दो दिन पहले ही उच्च स्तरीय स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाए, ताकि समय पर (Rajasthan News)उपचार और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित हो सके। उन्होंने जननी एक्सप्रेस एवं रेफरल परिवहन तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने  स्वास्थ्य भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों, अस्पताल अधीक्षकों, संयुक्त निदेशकों, पीएमओ, आरसीएचओ और सीएमएचओ के साथ सुरक्षित मातृत्व सेवाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में गर्भवती महिलाओं में गंभीर एनीमिया के मामलों में आई कमी पर संतोष जताते हुए उपचार व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

मातृ मृत्यु के मामलों की हुई समीक्षा

बैठक में हाल ही में भीलवाड़ा में हुई मातृ मृत्यु के मामले की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने शाहपुरा सीएचसी के स्त्री रोग विशेषज्ञ और एएनएम से सीधे संवाद कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा उपचार प्रोटोकॉल की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

वी. श्रीनिवास ने ‘प्रसव सखी’ पहल की प्रगति की समीक्षा करते हुए अलवर, भरतपुर और दौसा सहित विभिन्न जिलों में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान, एनीमिया और हाईपरटेंशन की निगरानी तथा समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे प्रदेश में एक समान उपचार व्यवस्था लागू करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करने को भी कहा।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रक्त की उपलब्धता के अभाव में किसी भी गर्भवती महिला की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जरूरत वाले क्षेत्रों में विशेष रक्तदान शिविर आयोजित करने और 104 व 108 एम्बुलेंस सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बैठक में प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षित मातृत्व कार्यक्रमों की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना प्रस्तुत की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here