Rajasthan Crime News: जयपुर। चूरू पुलिस ने 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के महज तीन घंटे के भीतर आरोपी को दस्तयाब कर लिया। तकनीकी संसाधनों और लोकेशन ट्रेसिंग की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। अनुसंधान के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
मामले के अनुसार 4 सितंबर 2026 को महिला थाना चूरू में परिवादी ने अपनी 8 वर्षीय दोहिती के साथ आरोपी सज्जन प्रजापत द्वारा दुष्कर्म किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। (Rajasthan Crime News)पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 65(2), पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) के तहत मामला दर्ज किया। जांच एससी/एसटी सेल चूरू के पुलिस उप अधीक्षक हरि सिंह धायल को सौंपी गई।
लोकेशन ट्रेस कर आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक चूरू निश्चय प्रसाद एम के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और कृष्णा सामरिया के सुपरविजन में महिला थाना थानाधिकारी कुसुमलता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी संसाधनों और लोकेशन ट्रेसिंग के जरिए आरोपी सज्जन प्रजापत पुत्र ज्ञान सिंह, निवासी चूरू की लोकेशन का पता लगाया। एफआईआर दर्ज होने के करीब तीन घंटे के भीतर पुलिस ने उसे दस्तयाब कर लिया। इसके बाद आरोपी को अनुसंधान अधिकारी हरि सिंह धायल के सुपुर्द किया गया। अनुसंधान अधिकारी ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
साइबर सेल ने भी किया सहयोग
कार्रवाई में महिला थाना थानाधिकारी कुसुमलता, सहायक उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार, महिला कांस्टेबल रजनी और चालक कांस्टेबल नन्दलाल की भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के साइबर सेल ने भी तकनीकी जांच में सहयोग किया। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार की विशेष भूमिका रही।
चूरू पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



































































