Mumbai : बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और मशहूर पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ को जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है। शुक्रवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की मेयर रितु तावड़े और डिप्टी मेयर कार्यालय को एक धमकी भरा ई-मेल भेजा गया, जिसमें अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने और दिलजीत दोसांझ पर आत्मघाती हमला करने की चेतावनी दी गई है। इस ई-मेल के बाद मुंबई पुलिस, साइबर सेल और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘स्मिथ जॉनसन’ नाम के ई-मेल आईडी से भेजे गए इस संदेश का विषय ‘मुंबई बॉम्बे बोलेगा खालिस्तान जिंदाबाद’ था। मेल में कहा गया है कि 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को निशाना बनाया जाएगा। इस हमले को 1984 के ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ और उसके बाद हुए सिख-विरोधी दंगों का बदला बताया गया है।
इसी ई-मेल में दिलजीत दोसांझ के खिलाफ भी धमकी दी गई है। मेल के मुताबिक, 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स में आयोजित होने वाले उनके कॉन्सर्ट के दौरान आत्मघाती हमला किया जाएगा। ई-मेल में खालिस्तान समर्थित संगठनों और नारों का भी उल्लेख है।
ई-मेल की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की टीमों के साथ बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वॉड बीएमसी मुख्यालय और प्रभावित इलाकों में पहुंचे। दक्षिण मुंबई के डीसीपी मनीष कलवानिया ने बताया कि पूरे बीएमसी परिसर और दादर के कुछ प्रमुख स्कूलों की सघन तलाशी ली गई है, लेकिन जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है।
पुलिस और साइबर क्राइम की टीम ई-मेल के आईपी (IP) एड्रेस और लोकेशन को ट्रैक करने में जुटी हुई हैं, ताकि धमकी देने वाले शख्स या संगठन की असली पहचान उजागर हो सके। मुंबई पुलिस ने शहरवासियों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और संयम बनाए रखने की अपील की है।































































