10 दिन से लापता बेटी की तलाश, फिर थाने पर बढ़ा तनाव! घेराव के बाद पुलिस-पब्लिक में झड़प

1
Sadulpur News

Sadulpur News: चूरू जिले के सादुलपुर में लापता लड़की की तलाश की मांग को लेकर हमीरवास थाने के बाहर पिछले कई दिनों से चल रहा धरना सोमवार को अचानक तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने के बाहर जुटे और घेराव के दौरान बैरिकेड हटाकर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया। (Sadulpur News)पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को पीछे हटाया।

आईपीएस अभिजीत पाटिल के अनुसार, प्रदर्शनकारी थाने में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने बैरिकेड हटा दिए और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस का दावा है कि घटना के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए।

दूसरी ओर, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पुलिस ने लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और धरना स्थल पर लगा टेंट भी हटा दिया।

बल प्रयोग की घटना में किसान नेता राम सिंह सहारण, सोनू जिलोवा, कुरड़ाराम दमीवाल, आनंद गोस्वामी, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रोहित पूनिया, राशिद खान, अजीत पूनिया, सोनू, नवीन काजला, रामकिशन काजला, अनिता देवी, रामकिशन सहारण, मनीष काजला, मिश्रो देवी और संतोष देवी समेत कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

कृष्णा पूनिया के साथ दुर्व्यवहार का आरोप

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लापता बेटी की तलाश की मांग कर रहे परिवार और ग्रामीणों पर लाठीचार्ज किया गया तथा पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।

पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया ने भी समर्थकों से हमीरवास थाने पहुंचने की अपील की। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल घटना के बाद हमीरवास थाने के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के अलग-अलग दावों के बीच अब प्रशासन के सामने लापता लड़की की तलाश के साथ-साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती भी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here