
BUNDI : गोवर्धन पूजा के त्योहार पर राजस्थान के बूंदी जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के रामगंजबालाजी इलाके स्थित नानकपुरिया गांव में पटाखे से हुए हादसे में 12 वर्षीय बालक साजन कालबेलिया की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। उस समय घर के अंदर गोवर्धन पूजा की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान साजन घर के पीछे खेल रहा था। उसने एक तेज धमाके वाले सुतली बम के ऊपर गिलास रखकर उसमें आग लगा दी। पटाखे में आग लगते ही जोरदार धमाका हुआ और बर्तन के तीखे टुकड़े छर्रों की तरह साजन के सीने और पेट में जा धंसे।
धमाके की तेज आवाज सुनकर पिता रामलाल कालबेलिया बदहवास हालत में पीछे पहुंचे तो साजन खून से लथपथ पड़ा मिला। परिजन तुरंत उसे लेकर जिला अस्पताल भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
साजन तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। बड़े भाई दिलकुश और छोटी बहन पायल के साथ पूरा परिवार बेहद गरीब स्थिति में गुजर-बसर करता है। हादसे की जानकारी मिलते ही नगर परिषद सभापति भरत शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल पिता को सांत्वना देने के साथ आर्थिक सहायता प्रदान की।
सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी रमेश आर्य और सदर थाने के एएसआई राम सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।






































































