
BIKANER : राजस्थान के बीकानेर जिले के जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक रेल हादसा सामने आया है। घड़सीसर रेलवे ट्रैक पर दोपहर करीब 1:30 बजे ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बचाने का प्रयास कर रहा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, पास के ही एक खेत में मजदूरी करने वाले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया था। कहासुनी के दौरान दोनों झगड़ते हुए घड़सीसर रेलवे ट्रैक तक पहुंच गए। पटरी पर दंपति को आपस में उलझते देख पास मौजूद दो युवक उन्हें सुरक्षित हटाने और बचाने के लिए ट्रैक की ओर दौड़े।
इसी बीच अचानक आई तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में चारों आ गए। हादसा इतना दर्दनाक था कि ट्रेन की जोरदार टक्कर से महिला का शरीर क्षत-विक्षत हो गया, वहीं उसका पति और बचाने आया एक युवक उछलकर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को मौके पर ही रोक दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी (GRP) और स्थानीय पुलिस टीम के साथ वार्ड-30 के पार्षद अब्दुल सत्तार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।
थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों में से एक युवक की पहचान संजीत मोची (निवासी दरभंगा, बिहार) के रूप में हुई है, जो मदद के लिए आगे आया था। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक की पहचान रानीबाजार निवासी अमरचंद सांखला के रूप में हुई है, जिसे सिर में गंभीर चोट आने के कारण बीकानेर के पीबीएम (PBM) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फिलहाल मृत पति-पत्नी की आधिकारिक पहचान स्थापित करने और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।






































































