
CALIFORNIA : सेमीकंडक्टर दिग्गज एनवीडिया (Nvidia) के CEO जेनसन हुआंग चीनी मूल की एक महिला के साथ अपने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के खुलासे के बाद बड़े विवाद में घिर गए हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि वह महिला चीन के लिए जासूसी कर रही थी। इस खुलासे के बाद हुआंग ने अपने परिवार और कर्मचारियों से माफी मांगी है, वहीं एनवीडिया के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।
यह पूरा मामला सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व कार्यकारी एलिस हुआंग से जुड़ा है, जिन पर अमेरिकी खुफिया विभाग पिछले एक साल से नजर रख रहा था। रिपोर्टों के मुताबिक, चीनी खुफिया तंत्र ने हुआंग से नजदीकियां बढ़ाने के लिए उनका इस्तेमाल किया था, जबकि मेगास्पीड ने एनवीडिया से अरबों डॉलर के चिप्स खरीदे हैं, जिसकी अमेरिकी वाणिज्य विभाग अलग से जांच कर रहा है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच में किसी भी तकनीकी या राष्ट्रीय सुरक्षा के डेटा लीक होने के सबूत नहीं मिले हैं और जांच के दौरान जेनसन हुआंग अपने पद पर बने रहेंगे। इस बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनका बचाव किया है, जबकि अमेरिकी सांसदों ने इस मामले पर गहरी चिंता जताते हुए कांग्रेस के सामने जवाब तलब करने और चीन को एडवांस्ड AI चिप्स के निर्यात पर सख्त रोक लगाने की मांग की है।






































































