Rajasthan Seed Scam: बीकानेर। 15 करोड़ रुपए के सीज किए मूंगफली के नकली बीज वापस गुजरात भेजने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के बदले ढाई करोड़ रुपए की घूस लेने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने छह आरोपियों को दोषी माना है। अभी जांच बाकी जिसमें और भी लोग चपेट में आ सकते हैं। 27 मई को गुजरात निवासी कपाड़िया किरणभाई नारायणभाई के (Rajasthan Seed Scam) मूंगफली बीज गोदाम पर सर्च कार्रवाई की गई थी। उसके बाद गोदाम में रखे नकली बीजों को वापस गुजरात ले जाने की अनुमति देने में मदद के बदले राजस्थान राज्य बीज निगम के अधिकारियों और अन्य ने पैमाने पर रिश्वत ली गई। एसीबी ने इस मामले में कार्रवाई की तो ढाई करोड़ रुपए की रिश्वत लेना सामने आया जिसमें छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
एसीबी मुख्यालय के एएसपी महेन्द्र कुमार गुप्ता की टीम ने पूरे मामले की जांच-पड़ताल की तो घूसकांड में कई लोगों के नाम सामने आए जिनमें से छह आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया गया है। एसीबी ने आरोपी श्रीगंगानगर निवासी और वर्तमान में तिलक नगर में रहने वाले स्वतंत्र कुमार ज्याणी, बीछवाल में हुसंगसर बाइपास निवासी राजस्थान राज्य बीज निगम लिमिटेड के निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई, श्रीगंगानगर निवासी और वर्तमान में फलौदी में रह रहे सतपालसिंह कम्बौज, जयपुर में मालवीय नगर निवासी सुनील सेतिया, गुजरात निवासी कपाड़िया किरणभाई नारायणभाई, बालोतरा निवासी गणपत बिश्नोई को दोषी माना है। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं जिनके खिलाफ जांच पेंडिंग रखी है।
बस में बरामद हुए 85 लाख और निदेशक के घर से मिले 1.59 करोड़ रु.
एसीबी ने 7 जून को बीकानेर से सूरतगढ़ जाने वाली बस में सवार स्वतंत्र कुमार को पकड़ा था। बस में एक बैग में रखे 85 लाख रुपए बरामद किए गए थे। इस दौरान आरोपी के मोबाइल पर बीज निगम लिमिटेड के निदेशक जुगल किशोर, सुनीता बिश्नोई और विजय बिश्नोई के व्हाट्सअप कॉल और वीडियो कॉल आते रहे। एसीबी ने जुगल किशोर, किरण कपाड़िया, भागीरथ, गणपत, सुनील सेतिया और सतपाल के मोबाइल पर बातचीत में किरण कपाड़िया से उनके गोदाम के बीज वापस गुजरात ले जाने तथा मामले को दबाने के बदले निदेशक जुगल किशोर को 1.20 करोड़ रुपए तथा गणपत को 60 लाख रुपए देने के तथ्य पाए। इसी आधार पर जुगल किशोर के भांजे स्वतंत्र को आकस्मिक चैकिंग में 85 लाख रुपए श्रीगंगानगर भिजवाने की जानकारी मिलने पर पकड़ा गया था।





































































