Rajasthan News: राजस्थान के बाड़मेर जिले से यातायात नियमों और आम जनता की धार्मिक आस्था के टकराव का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक स्थानीय वाहन मालिक का यातायात पुलिस द्वारा इसलिए चालान काट दिया गया क्योंकि उसकी गाड़ी के (Rajasthan News)आगे उसके आराध्य और इष्ट देवता का नाम लिखा हुआ था। वाहन मालिक का दावा है कि उसकी गाड़ी में प्रदूषण (PUC), इंश्योरेंस, सीट बेल्ट या स्पीड लिमिट जैसे अन्य किसी भी प्रकार के यातायात नियमों का कोई उल्लंघन नहीं पाया गया था। इधर, भगवान का नाम लिखे होने के कारण हुई इस कार्रवाई पर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने सोशल मीडिया के माध्यम से तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बता दें कि पुलिस ने इस वाहन मालिक के 500 रुपए का चालान काटा है।
राम राज्य में अपने इष्ट का नाम लिखना
बाड़मेर में हुए इस चालान की फोटो और जानकारी जैसे ही शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी के पास पहुंची, उन्होंने तुरंत अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाटी ने इस पूरी कार्रवाई को आम जनता की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ और संवेदनहीनता करार दिया।
विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने अपने संदेश में सीधे शब्दों में लिखा, “राम राज्य में अपने इष्ट का नाम लिखना भी क्या गुनाह हैं?”
भाटी ने इस गंभीर मामले पर हस्तक्षेप करने के लिए अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री कार्यालय (@PMOIndia), राजस्थान मुख्यमंत्री कार्यालय (@RajCMO), राजस्थान पुलिस महानिदेशक (@PoliceRajasthan) और बाड़मेर जिला पुलिस (@Barmer_Police) को विधिक रूप से टैग किया।
भाटी ने कहा कि यदि प्रशासन को यातायात नियमों का पालन कराना ही है, तो उसका क्रियान्वयन रसूखदारों और आम जनता सभी के लिए समान रूप से होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन को नसीहत दी कि धार्मिक आस्था और आमजन की भावनाओं से जुड़े संवेदनशील मामलों में पुलिस को थोड़ी व्यवहारिकता और संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।


































































