राजेंद्र राठौड़ का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, बोले- छात्रों के नाम पर हो रही राजनीतिक नौटंकी

7
Rajendra Rathore

Rajendra Rathore: जयपुर। राजस्थान विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि घटता जनाधार कांग्रेस को लगातार बैसाखियों के सहारे राजनीति करने के लिए मजबूर कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं के प्रदर्शन को लेकर (Rajendra Rathore) राहुल गांधी ने दिल्ली में जिस तरह का व्यवहार किया, वह लोकतंत्र की गरिमा के अनुरूप नहीं है।

राठौड़ ने कहा कि जब आंदोलनकारियों की केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से बातचीत हो चुकी थी, तब उसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाना चाहिए था। उनका आरोप था कि कांग्रेस संसद में आर्थिक विकास और देश की प्रगति जैसे मुद्दों पर चर्चा से बचने के लिए ऐसे राजनीतिक घटनाक्रम खड़े करती है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि उनके कार्यकाल में लगातार 17 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए और युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन सरकार के दौरान भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठे। राठौड़ ने यह भी कहा कि उस समय छात्र सड़कों पर आंदोलन करते रहे, लेकिन सरकार ने उनकी समस्याओं पर अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखाई।

राजस्थान और केंद्र की डबल इंजन सरकार

उन्होंने कहा कि वर्तमान में राजस्थान और केंद्र की डबल इंजन सरकार युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित रोजगार मेलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनके माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।

राठौड़ ने यह भी दावा किया कि देश में बेरोजगारी दर में कमी आई है और वर्तमान सरकार रोजगार सृजन को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कांग्रेस पर युवाओं के मुद्दों का राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया और कहा कि जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here