भजनलाल शर्मा की नई पहल ‘युवा सुयोग’ लॉन्च, अब हर पंचायत और वार्ड से निकलेंगे खेल और नेतृत्व के नए सितारे

7
Rajasthan Sport

Rajasthan Sport: जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के युवाओं को खेल, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में (Rajasthan Sport) मुख्यमंत्री निवास से ‘मुख्यमंत्री युवा सुयोग’ प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल युवाओं को सही दिशा, सही अवसर और सही मंच प्रदान करेगी, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी युवा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘माय भारत’ पहल से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने युवा सुयोग प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जिसे जल्द ही माय भारत पोर्टल से भी जोड़ा जाएगा, ताकि अधिकाधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे टीम खेलों के माध्यम से पंचायत और वार्ड स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विजेता टीमें विधानसभा स्तर तक पहुंचेंगी। इसके लिए युवा ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे तथा स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों के खेल मैदानों की डिजिटल मैपिंग भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला स्तर पर सुयोग युवा क्लब बनाए जाएंगे, जिनसे पंचायत और वार्ड स्तर के क्लब जुड़े रहेंगे। प्रारंभिक चरण में बगरू विधानसभा क्षेत्र और बारां जिले में इस योजना का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और सामुदायिक केंद्रों में विशेष पंजीकरण शिविर, स्वच्छता अभियान, डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम और युवा संवाद आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के विकास की पहली सीढ़ी से लेकर रोजगार तक हर स्तर पर सहयोग कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में 1.78 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं, लगभग एक लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है तथा सवा लाख पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है। निजी क्षेत्र में भी करीब 4.5 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस अवधि में एक भी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य कौशल नीति-2025 और राजस्थान युवा नीति-2025 के माध्यम से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक साढ़े तीन लाख से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत चार लाख से अधिक लाभार्थियों को 1,347 करोड़ रुपये की सहायता तथा 4,500 से अधिक स्टार्टअप का पंजीकरण कराया जा चुका है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बारां और बगरू के युवाओं एवं खिलाड़ियों से संवाद कर उनके सुझाव भी लिए। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों के माध्यम से प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। बगरू विधायक डॉ. कैलाश वर्मा ने युवा सुयोग को विकसित राजस्थान की मजबूत नींव बताया, जबकि मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि यह केवल खेल योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को खोजने और आगे बढ़ाने का प्रभावी मंच है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक गोपाल शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here