
जयपुर: राजस्थान को पेयजल और सिंचाई के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने यमुना जल समझौते और रामजल सेतु लिंक परियोजना (संशोधित पीकेसी-ईआरसीपी) के कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
फील्ड विजिट और विभागों में तालमेल पर जोर
मुख्यमंत्री ने अफसरों को हिदायत दी कि वे केवल दफ्तरों में बैठकर कागजी समीक्षा न करें, बल्कि तय समय अंतराल पर खुद परियोजना स्थलों पर जाकर जमीनी हकीकत देखें। उन्होंने कहा कि भूमि अवाप्ति (Land Acquisition), बिजली की लाइनों की शिफ्टिंग और अन्य तकनीकी अड़चनों को प्राथमिकता से दूर किया जाए, ताकि तय समय सीमा में काम पूरा हो और लागत न बढ़े।
क्यों अहम हैं ये दोनों प्रोजेक्ट?
यमुना जल समझौता: हरियाणा के साथ हुए समझौते के तहत करीब 295 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन के जरिए शेखावाटी के सीकर, चूरू और झुंझुनूं जिलों को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे करीब 75 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
रामजल सेतु लिंक परियोजना: पूर्वी राजस्थान के 17 जिलों में पेयजल संकट दूर करने और लाखों हेक्टेयर भूमि की सिंचाई के लिए यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (जल संसाधन) अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (सीएमओ) अखिल अरोड़ा और प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





































































