धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में राजस्थान देशभर में पहले पायदान पर, 6 हजार से ज्यादा गांवों की बदलेगी तस्वीर

37 जिलों के 208 ब्लॉकों में 335 करोड़ रुपये से ज्यादा के कार्यों को मंजूरी; 6 बहुउद्देशीय विपणन केंद्र और 1.16 लाख से अधिक आदि कर्मयोगी प्रशिक्षित।

3
हरियाली भरी पहाड़ियों के नीचे मिट्टी और खपरैल की छत वाले पारंपरिक घरों की कतार और गांव की पक्की गली में चलते ग्रामीण व बच्चे
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में राजस्थान ने देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है, जिससे राज्य के 6,019 आदिवासी गांवों में बुनियादी सुविधाएं और आजीविका के अवसर बढ़ रहे हैं

JAIPUR : जनजातीय इलाकों में बुनियादी सुविधाएं और सरकारी योजनाएं पहुंचाने के मामले में राजस्थान ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर 2024 को शुरू किए गए ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत राज्य के 37 जिलों के 208 ब्लॉकों में शामिल 6,019 गांवों में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की निगरानी में चल रहे इस अभियान के तहत आश्रम छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों के निर्माण व सुधार के लिए वर्ष 2024-25 से 2026-27 तक 335 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासनिक और 277 करोड़ रुपये से ज्यादा की वित्तीय स्वीकृतियां दी जा चुकी हैं, जिसके लिए केंद्र से 177 करोड़ रुपये से अधिक की मदर स्वीकृति मिली है।

आदिवासी उत्पादों को सीधा बड़ा बाजार दिलाने के लिए उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, बारां और सिरोही में 6 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय कारीगरों और उत्पादकों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर दाम मिल सकें। इसके साथ ही ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के पहले चरण में 26 जिलों के 5,978 गांवों से जुड़े 1 लाख 16 हजार से अधिक ग्राम स्तरीय कर्मयोगियों व सहयोगियों तथा सैकड़ों मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया है। गौरतलब है कि जनजातीय कार्य मंत्रालय सहित 17 मंत्रालयों की 25 योजनाओं को जोड़कर मार्च 2029 तक देश के 63,843 जनजातीय गांवों के करीब 5 करोड़ लोगों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और रोजगार का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here