Rajasthan Congress: जयपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किए गए। कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं और (Rajasthan Congress)छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
जयपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में अंबेडकर सर्किल पर आयोजित प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी जलाया गया।
कांग्रेस का आरोप है कि देश में नीट सहित 150 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक होने के बावजूद केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय नहीं की। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया और इस मुद्दे पर संसद सहित अन्य मंचों पर गंभीर चर्चा नहीं कराई जा रही है।
प्रदर्शन में विधानसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक रफीक खान, विधायक घनश्याम महर, अमीन कागजी, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, डॉ. अर्चना शर्मा, पुष्पेंद्र भारद्वाज, आर.आर. तिवारी सहित कई नेता मौजूद रहे।
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कई अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। बाद में उन्हें पुलिस वाहन से ले जाया गया।




































































