Karnataka Political Drama: कांग्रेस शासित कर्नाटक में एक बार फिर मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी चर्चा गर्म हो गई है। जहां मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पांच साल तक पद पर बने रहने का दावा कर रहे हैं, वहीं भाजपा नेता आर. अशोक ने अक्टूबर या नवंबर में (Karnataka Political Drama)नेतृत्व परिवर्तन की भविष्यवाणी कर दी है।
“अक्टूबर-नवंबर में बदलेगा मुख्यमंत्री”
कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता आर. अशोक ने बड़ा बयान देते हुए कहा, “अक्टूबर या नवंबर में मुख्यमंत्री बदला जाएगा। कांग्रेस के सभी विधायक खुद को मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंदर से बंटी हुई है और इसमें नेतृत्व को लेकर खींचतान जारी है। अशोक का यह बयान उस वक्त आया है जब सिद्धारमैया ने खुद पांच साल तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने की बात दोहराई थी।
डीके शिवकुमार पर निशाना, ‘छठी गारंटी’ का तंज
आर. अशोक ने डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार पर सत्ता हथियाने के प्रयास का आरोप लगाते हुए कहा, “शिवकुमार सत्ता की ओर संकेत कर रहे हैं।”
उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “अगर शिवकुमार वास्तव में सिद्धारमैया के साथ हैं, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से यह घोषणा करनी चाहिए कि सिद्धारमैया 2028 तक मुख्यमंत्री रहेंगे। हम इसे कांग्रेस की ‘छठी गारंटी’ मान लेंगे और फिर भाजपा चुप बैठ जाएगी।”
सिद्धारमैया की प्रतिक्रिया: “हां, मैं 5 साल रहूंगा”
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वह पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। उन्होंने दो टूक कहा, “हां, मैं पांच साल तक मुख्यमंत्री रहूंगा। इसमें संदेह क्यों है?”
सिद्धारमैया ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट है और उनकी सरकार चट्टान की तरह मजबूत है। उनका यह बयान विपक्ष के आरोपों को खारिज करने की कोशिश माना जा रहा है।
कर्नाटक में नेतृत्व को लेकर बयानबाजी से यह साफ है कि कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों और भाजपा की रणनीति को लेकर माहौल गर्म है। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस नेतृत्व इन अटकलों को शांत कर पाता है या नहीं।