तनोट माता मंदिर में बीएसएफ जवानों संग सीएम भजनलाल की भाई दूज, ‘स्मार्ट बॉर्डर’ और घुसपैठ मुक्त देश का दिया संदेश

बीएसएफ की महिला प्रहरियों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर बांधा रक्षासूत्र; ऑपरेशन सिंदूर और सीमावर्ती 184 गांवों के विकास कार्यों की भी दी जानकारी।

2
जैसलमेर के तनोट माता मंदिर परिसर में बीएसएफ की टोपी और पारंपरिक दुपट्टा पहने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सलामी देती बीएसएफ की महिला अधिकारी और साथ खड़े अधिकारी।
जैसलमेर के तनोट माता मंदिर परिसर में भाई दूज के अवसर पर बीएसएफ की महिला अधिकारी का अभिवादन स्वीकार करते राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा। साथ में बीएसएफ राजस्थान फ्रंटियर के आईजी डॉ. विकास पाठक और अन्य अधिकारी मौजूद हैं।

JAISALMER : सरहद की तपती रेत और कठिन परिस्थितियों के बीच देश की रक्षा में डटे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के लिए बुधवार का दिन बेहद खास रहा। भाई दूज के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खुद एक भाई बनकर जैसलमेर स्थित प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर परिसर पहुंचे, जहां बीएसएफ की महिला प्रहरियों ने उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और तिलक लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस भावनात्मक मौके पर मुख्यमंत्री ने जवानों को मिठाई खिलाई और तनोट राय माता मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इससे पहले उन्होंने विजय स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को नमन किया और बीएसएफ की ओर से दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली।

त्योहार के इस मंच से मुख्यमंत्री ने सीमा सुरक्षा और विकास को लेकर सरकार का स्पष्ट रोडमैप भी सामने रखा। उन्होंने बीएसएफ को देश की संप्रभुता का सशक्त प्रहरी बताते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना और बीएसएफ के पराक्रम की जमकर सराहना की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में ‘स्मार्ट बॉर्डर’ विकसित करने पर तेजी से काम हो रहा है और सीमा सुरक्षा के बुनियादी ढांचे के बजट में 400 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। घुसपैठ पर चिंता जताते हुए सीएम ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में जनसांख्यिकीय बदलाव को रोकने और देश को पूरी तरह घुसपैठ मुक्त बनाने के लिए एक बेहद मजबूत तंत्र तैयार किया जा रहा है।

सीमांत क्षेत्रों के विकास पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम-2’ के तहत राजस्थान के पांच सीमावर्ती जिलों-श्रीगंगानगर, बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर और फलौदी के 184 रणनीतिक गांवों की तस्वीर बदली जा रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान कार्यकाल में अकेले जैसलमेर जिले के विकास के लिए करीब तीन हजार करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक छोटू सिंह भाटी, बीएसएफ राजस्थान फ्रंटियर के आईजी डॉ. विकास पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here