SMS Hospital: जयपुर। सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल, जयपुर ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार रोबोटिक असिस्टेड थोरैसिक सर्जरी के माध्यम से इसोफेगस (भोजन नली) के कैंसर के रोगी का सफल ऑपरेशन किया है। (SMS Hospital)यह जटिल सर्जरी सर्जरी विभाग की यूनिट-5 के वरिष्ठ सर्जन डॉ. राजेन्द्र बागड़ी एवं उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न की गई।
रोगी की विस्तृत जांच में भोजन नली में लगभग 30 सेंटीमीटर की दूरी पर स्थित 7 सेंटीमीटर लंबा कैंसर (CA Esophagus) पाया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों के परामर्श के बाद रोगी का रोबोटिक असिस्टेड इसोफेजेक्टॉमी विद इंट्राथोरैसिक इसोफेगोगैस्ट्रिक एनास्टोमोसिस सफलतापूर्वक किया गया। यह संपूर्ण उपचार मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।
इस जटिल ऑपरेशन में कैंसरग्रस्त भोजन नली को हटाने के बाद रोबोटिक तकनीक की सहायता से छाती (मिड चेस्ट) के भीतर भोजन नली तथा पेट से बनाई गई स्टमक ट्यूब को अत्यंत सटीकता के साथ जोड़ा गया। रोबोट की 360 डिग्री गतिशीलता, उच्च परिशुद्धता एवं सूक्ष्म नियंत्रण के कारण यह प्रक्रिया अधिक सुरक्षित एवं तकनीकी रूप से उत्कृष्ट ढंग से संपन्न हुई। विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार की जटिल थोरैसिक सर्जरी के लिए रोबोटिक तकनीक अत्यंत उपयुक्त मानी जाती है।
यह एसएमएस अस्पताल में पहली सफल रोबोटिक असिस्टेड थोरैसिक इसोफेजेक्टॉमी एवं इंट्राथोरैसिक इसोफेगोगैस्ट्रिक एनास्टोमोसिस है। साथ ही, यह राजस्थान में रोबोटिक तकनीक से इस प्रकार की पहली सफल सर्जरी है, जिसने जटिल थोरैसिक सर्जरी में रोबोटिक तकनीक की प्रभावशीलता एवं उपयोगिता को नई पहचान दी है।
इसमें सर्जरी टीम के डॉ. राजेन्द्र बागड़ी, डॉ. रामबाबू, डॉ. बी.आर. बाराला, डॉ. रेनुका, डॉ. राहुल, डॉ. स्नेहिल, डॉ. अर्पित, डॉ. ऋषभ, डॉ. राजीव एवं डॉ. आरुषि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एनेस्थीसिया टीम ने निभाई अहम भूमिका
ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया प्रबंधन भी अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा। एनेस्थीसिया विभाग की वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. इंदु वर्मा एवं डॉ. सुनील चौहान ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी के दौरान रोगी को पूरी प्रक्रिया में स्थिर अवस्था में रखना, नियंत्रित एवं निरंतर सेडेशन बनाए रखना तथा शरीर की सभी महत्वपूर्ण जीवनरक्षक क्रियाओं की लगातार निगरानी करना अत्यंत जटिल कार्य होता है। इस चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन डॉ. सुशील भाटी, डॉ. इंदु वर्मा, डॉ. सुनील चौहान, डॉ. कंचन एवं रेजिडेंट चिकित्सकों की टीम ने किया।
नर्सिंग स्टाफ का भी रहा महत्वपूर्ण योगदान
रोबोटिक ऑपरेशन के दौरान ऑपरेशन थिएटर में नर्सिंग स्टाफ जया, राकेश एवं सुनील ने भी अत्यंत दक्षता एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनकी भूमिका इस जटिल सर्जरी की सफलता में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय रही।




































































