Panchna Dam: सवाई माधोपुर। राज्य सरकार के निर्देश पर पांचना बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग एवं जल बंटवारे से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए भरतपुर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा की गई। (Panchna Dam)बैठक में जिला कलक्टर सवाई माधोपुर काना राम, जिला कलक्टर करौली अक्षय गोदारा, सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पांचना बांध के जल प्रबंधन, कमांड एवं कैचमेंट क्षेत्र के हितों तथा वर्तमान परिस्थितियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संभागीय आयुक्त ने बताया कि दोनों जिलों के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए विवाद के शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मत समाधान के लिए गुरुवार 18 जून को सायं 5 बजे संभागीय आयुक्त कार्यालय, भरतपुर में किसान प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी।
जिला कलक्टर सवाई माधोपुर काना राम ने बताया कि संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दोनों जिलों के किसान प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। तदानुसार उन्होंने किसान प्रतिनिधियों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने की अपील की है, ताकि संवाद एवं आपसी सहमति के माध्यम से सकारात्मक एवं स्थायी समाधान निकाला जा सके।






































































