झूमर पर कीमत की पर्ची, हॉल में सियासत: दिल्ली सरकार ने मीडिया के लिए खोला केजरीवाल का ‘शीशमहल’, ₹58.83 करोड़ का बताया खर्च

पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने 6 फ्लैगस्टाफ रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री आवास का मीडिया को दौरा कराया, वहीं आम आदमी पार्टी ने इसे यमुना प्रदूषण से ध्यान भटकाने की रणनीति बताया।

1
नई दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित 6 फ्लैगस्टाफ रोड पर बने दो मंजिला सफेद सरकारी बंगले का बाहरी दृश्य, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आवास होने के दौरान भाजपा ने ‘शीशमहल’ नाम दिया था।
नई दिल्ली के 6 फ्लैगस्टाफ रोड स्थित सरकारी बंगले का बाहरी दृश्य—जहां पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रहते थे। दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को इसे मीडिया के लिए खोलते हुए ₹58.83 करोड़ के खर्च का ब्योरा सार्वजनिक किया।

NEW DELHI : पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास (6, फ्लैगस्टाफ रोड) को दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को पहली बार मीडिया के लिए खोल दिया। लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा की अगुवाई में हुए इस दौरे में बंगले के अंदर लगे हर सामान पर कीमत के टैग और बिल की जानकारी चस्पा की गई थी।

बंगले के बाहर लगे खर्च बोर्ड पर इस संपत्ति की कुल लागत ₹58.83 करोड़ (₹58,83,66,314) बताई गई है।

बंगले में किस सामान की कितनी कीमत?

टीवी यूनिट:30 लाख रुपये
झूमर :11.56 लाख रुपये
मॉड्यूलर मंदिर: 6.71 लाख रुपये
टू-सीटर सोफा: 5.47 लाख रुपये
बैठक और लॉबी: बैठक पर 41 लाख रुपये, लॉबी की सजावट पर 7.5 लाख रुपये और पाउडर रूम की फिटिंग पर 5.8 लाख रुपये का खर्च दर्शाया गया है।

प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस बंगले के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है और जनता को यह जानने का हक है कि उनके टैक्स का पैसा कहां खर्च हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दिल्ली कोरोना महामारी से जूझ रही थी, तब तत्कालीन मंत्री सत्येंद्र जैन ने इसकी फाइलों को ‘मोस्ट अर्जेंट’ मार्क कर निर्माण जारी रखवाया था। शनिवार को विधानसभा की लोक लेखा समिति (PAC) के निरीक्षण के बाद जल्द ही आम जनता भी करीब*₹20 के टिकट पर इसे देख सकेगी, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और छात्रों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इसे यमुना प्रदूषण से ध्यान भटकाने की राजनीति करार दिया। ‘आप’ का कहना है कि पंजाब चुनाव नजदीक होने के कारण भाजपा यह मुद्दा उछाल रही है। गौरतलब है कि विधानसभा में पेश हुई CAG रिपोर्ट में इस बंगले के रेनोवेशन की लागत ₹33.66 करोड़ बताई गई थी, जो मूल अनुमान से 342 फीसदी अधिक थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here