जयपुर में पूर्व न्यायाधीश शिवराज वी. पाटिल की आत्मकथा का विमोचन, छात्रों को दिया सफलता का ‘Three H Formula’

जयपुर में राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल ने किया पुस्तक का लोकार्पण, विद्यार्थियों को दिया परिश्रम, ईमानदारी और विनम्रता का संदेश।

9
जयपुर में पूर्व न्यायाधीश शिवराज वी. पाटिल की आत्मकथा का विमोचन, छात्रों को दिया सफलता का 'Three H Formula'
जयपुर में पूर्व न्यायाधीश शिवराज वी. पाटिल की आत्मकथा का विमोचन, छात्रों को दिया सफलता का 'Three H Formula'

जयपुर। एक साधारण किसान परिवार से देश की सर्वोच्च अदालत तक का सफर तय करने वाले पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति शिवराज वी. पाटिल की जीवन यात्रा अब हिंदी पाठकों तक भी पहुंचेगी। रविवार, 29 नवंबर 2026 को जयपुर में उनकी आत्मकथा ‘Time Spent, Distance Travelled‘ के हिंदी संस्करण ‘समय, संकल्प और सफर’ का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर न्यायिक क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

कानोड़िया स्कूल ऑफ लॉ फॉर वीमेन और रांका पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित समारोह में राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल मुख्य अतिथि और पुस्तक के लोकार्पणकर्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति नागेंद्र कुमार जैन ने की। न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी विशिष्ट अतिथि और न्यायमूर्ति जे.के. रांका विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

किसान परिवार से सुप्रीम कोर्ट तक का सफर

पुस्तक लोकार्पण के दौरान न्यायमूर्ति शिवराज वी. पाटिल ने अपने जीवन के संघर्षों और न्यायिक यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एक साधारण किसान परिवार से निकलकर सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचने का सफर निरंतर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से जुड़ा रहा।

उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के लिए ‘Three H Formula‘ अपनाने का संदेश दिया। इसके तहत Hard Work (परिश्रम), Honesty (ईमानदारी) और Humility (विनम्रता) को सफलता के तीन महत्वपूर्ण आधार बताया।

न्यायमूर्ति पाटिल ने कहा कि व्यक्ति को हमेशा सीखने की इच्छा बनाए रखनी चाहिए और चुनौतियों को अवसर में बदलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार रहने और जीवन में विनम्रता बनाए रखने पर भी जोर दिया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान से अपने आत्मीय संबंधों और प्रदेश की न्यायिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया।

न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी ने बताया हिंदी संस्करण का महत्व

पुस्तक का परिचय देते हुए न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी ने न्यायमूर्ति पाटिल के संघर्ष, सादगी और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति उनके दृष्टिकोण को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आत्मकथा का हिंदी संस्करण प्रकाशित होने से उनके जीवन के अनुभव और विचार हिंदी भाषी पाठकों तक अधिक व्यापक रूप से पहुंच सकेंगे।

वहीं, न्यायमूर्ति जे.के. रांका ने स्वागत उद्बोधन में न्यायमूर्ति पाटिल के न्यायिक योगदान और सिद्धांतों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की चर्चा की। उन्होंने रांका पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शिक्षा, विधिक जागरूकता और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।

पूर्व मुख्य न्यायाधीश ने साझा किए व्यक्तिगत अनुभव

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति नागेंद्र कुमार जैन ने न्यायमूर्ति पाटिल के साथ अपने व्यक्तिगत और न्यायिक अनुभव साझा किए। उन्होंने उनके कानून के गहन ज्ञान, निर्भीकता, मेहनत और विनम्र स्वभाव की सराहना की। साथ ही न्यायमूर्ति पाटिल की कर्तव्यनिष्ठा और अंतरात्मा के अनुरूप निर्णय लेने की प्रतिबद्धता को भी महत्वपूर्ण बताया।

राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल ने पुस्तक के हिंदी संस्करण के प्रकाशन पर न्यायमूर्ति पाटिल को बधाई दी। उन्होंने उनके शुरुआती जीवन के संघर्ष और न्यायिक क्षेत्र में योगदान का उल्लेख करते हुए इस आत्मकथा को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।

छात्राओं ने किया कार्यक्रम का संचालन

समारोह में कानोड़िया स्कूल ऑफ लॉ फॉर वीमेन की प्राचार्या डॉ. वर्तिका अरोड़ा और निदेशक डॉ. रश्मि चतुर्वेदी सहित संस्थान के अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ. वर्तिका अरोड़ा ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

समारोह का संचालन संस्थान की छात्राओं निहारिका सिंह राजावत और कनिष्का वर्मा ने किया। राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here