जयपुर में वन विभाग का बड़ा एक्शन! पिंजरों में कैद मिले 132 पक्षी, सामने आई चौंकाने वाली तस्वीर

4
Jaipur Bird Rescue

Jaipur Bird Rescue:जयपुर। शहर में वन्यजीवों के अवैध कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामगंज क्षेत्र से 132 पक्षियों को बरामद किया है। ये पक्षी अलग-अलग पिंजरों में अवैध रूप से कैद रखे गए थे। कार्रवाई में 99 तोते और 33 मुनिया बरामद हुईं। (Jaipur Bird Rescue)वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से पक्षियों को पकड़ने और रखने के मामले को लेकर जांच तेज कर दी गई है।

सूचना मिलते ही वन विभाग ने बनाया प्लान

उप वन संरक्षक विजयपाल सिंह ने बताया कि पीपल्स फॉर एनिमल के प्रतिनिधियों से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए. अरुण प्रसाद के निर्देश पर सहायक वन संरक्षक जितेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम में दो क्षेत्रीय वन अधिकारी, वनपाल और वनरक्षक के साथ रामगंज थाना पुलिस का जाब्ता भी शामिल रहा। टीम ने सूचना के आधार पर रामगंज के मछली मार्केट क्षेत्र में दबिश देकर पक्षियों को बरामद किया।

पिंजरों में मिले अलग-अलग प्रजातियों के पक्षी

वन विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान नूर हसन (71) के कब्जे से कुल 132 पक्षी बरामद किए गए। इनमें 87 रोज रिंग पैराकीट, 12 अलेक्जेंडर पैराकीट, 16 रेड मुनिया और 17 ट्राई कलर मुनिया शामिल हैं।

पक्षियों को पिंजरों में बंद रखा गया था। बरामदगी के बाद वन विभाग ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस

वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार अवैध रूप से वन्यजीवों को पकड़ने, कैद करने और उनके व्यापार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

वन विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि बरामद पक्षियों को कहां से लाया गया था और क्या इस मामले के पीछे कोई बड़ा अवैध वन्यजीव व्यापार नेटवर्क सक्रिय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here