Anta by-election: बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव का मुकाबला अब और रोमांचक होता जा रहा है। कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया की पत्नी उर्मिला जैन ने भी शनिवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इससे चुनावी मैदान में चार उम्मीदवार हो गए हैं, (Anta by-election)लेकिन यह मुकाबला त्रिकोणीय रहने की संभावना अधिक है।
उर्मिला जैन ने क्यों दाखिल किया नामांकन?
लोगों में जिज्ञासा है कि उर्मिला जैन ने नामांकन क्यों दाखिल किया। क्या वह डमी उम्मीदवार हैं या पार्टी को प्रमोद जैन भाया के नामांकन में किसी अड़चन की आशंका है? इससे पहले भी कुछ सीटों पर डमी उम्मीदवार का इस्तेमाल किया जाता रहा है, लेकिन उर्मिला जैन का नामांकन चर्चा का विषय बन गया है।
भाया के खिलाफ दर्ज हैं आठ FIR
पूर्व मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया के खिलाफ बारां, अंता और मांगरोल के विभिन्न पुलिस थानों में कुल आठ FIR दर्ज हैं। भाया ने मंच से भी अपने खिलाफ दर्ज FIR का जिक्र किया और कहा कि कई FIR विकास कार्यों की मंजूरी से जुड़ी हैं।
पार्टी ने हर पहलू पर विचार किया
भाया के खिलाफ दर्ज मुकदमों में IPC की धारा 379, 384, 420, 120–बी, 413, 426, 400, 467, 468, 471 जैसी धाराएं शामिल हैं। पार्टी रणनीतिकारों का मानना है कि अगर प्रमोद जैन भाया का नामांकन रद्द होता है या अड़चन आती है, तो उनकी पत्नी उर्मिला जैन को प्रत्याशी बनाया जा सकता है और कांग्रेस का सिंबल उनके नाम दिया जाएगा।
मुकदमों पर कांग्रेस का बयान
कांग्रेस का कहना है कि भाया के खिलाफ दर्ज अधिकांश मुकदमे बीजेपी सरकार के समय दुर्भावनापूर्ण तरीके से दर्ज कराए गए। प्रदेश महासचिव और प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी के अनुसार, आठ मुकदमों में से सात मामलों में सुप्रीम कोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। 16 जुलाई 2025 के आदेश के बाद भाया की गिरफ्तारी इन मामलों में नहीं की जा सकती।



































































