भोजपुर कांग्रेस बैठक बनी अखाड़ा, गुटों में जबरदस्त भिड़ंत, सिर फूटे, माहौल तनावपूर्ण

2
Bhojpur Congress Clash

Bhojpur Congress Clash: बिहार के भोजपुर जिले में कांग्रेस पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक के दौरान हंगामा खड़ा हो गया। दो गुटों के बीच हुई तीखी बहस मारपीट में बदल गई, (Bhojpur Congress Clash)जिससे कई कार्यकर्ता घायल हो गए। यह घटना कैमरे में कैद हुई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

कार्यकर्ताओं के बीच झगड़ा, बैठक में मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और बिहार कांग्रेस के सह प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ के भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भोजपुर जिले के कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। उनका स्वागत करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान अचानक दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और फिर मारपीट में तब्दील हो गई।

कई कार्यकर्ता घायल, कुछ के सिर फूटे

हंगामे के दौरान एक गुट ने दूसरे गुट पर जमकर हमला किया। लाठी-डंडे चले और कुर्सियां फेंकी गईं। रिपोर्ट के अनुसार, इस संघर्ष में कई कार्यकर्ताओं के सिर फूट गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को किसी तरह नियंत्रण में किया और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।

विधायक देवेंद्र यादव ने हंगामे से किया किनारा

हंगामे के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “कौन लड़ा और किसे चोट आई, यह जांच का विषय है। हो सकता है कि हंगामा करने वाले पार्टी कार्यकर्ता न होकर कोई बाहरी उपद्रवी हों।” उन्होंने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी और यह प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है।

विधायक बोले – कल मेरे ऊपर भी हमला हो सकता है

विधायक यादव ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा, “आज कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ है, कल को मुझ पर भी हो सकता है। प्रशासन और नीतीश सरकार पूरी तरह फेल हैं। अगर हमें सुरक्षा नहीं मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस प्रशासन को इसका जवाब देना होगा।”

घटना बनी चर्चा का विषय

भोजपुर में हुई इस घटना ने पूरे जिले में राजनीतिक हलचल मचा दी है। पार्टी नेतृत्व और स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस घटना की जांच में जुटी हुई है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here