321 किलो चांदी और 4 किलो सोना देख पुलिस भी रह गई हैरान, झालावाड़ में अवैध साहूकारों पर बड़ी कार्रवाई

5
Jhalawar News

Jhalawar News: झालावाड़। गरीबों और किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर मोटे ब्याज का खेल चलाने वाले अवैध साहूकारों पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। जिले में पहली बार इतने बड़े स्तर पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने कथित अवैध उधारी के नेटवर्क को खंगालते हुए करोड़ों रुपये की संपत्ति और गिरवी रखे सामान का बड़ा जखीरा बरामद किया है।(Jhalawar News) कार्रवाई में 321 किलो चांदी, 4 किलो सोना, 37.35 लाख रुपये नकद समेत कृषि उपकरण, वाहन और बड़ी संख्या में वित्तीय दस्तावेज मिले हैं।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य गरीब, किसानों और जरूरतमंद लोगों को ऊंचे ब्याज के जाल में फंसाकर उनकी जमीन-जायदाद, आभूषण और कृषि उपकरण हड़पने वाले अवैध साहूकारों पर प्रभावी कार्रवाई करना था। अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और संबंधित वृत्ताधिकारियों की निगरानी में एक साथ कई थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया।

अवैध कारोबार का बड़ा नेटवर्क

पुलिस ने मनोहरथाना, जावर और पिड़ावा थाना क्षेत्रों में कई संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी लेकर बड़ी मात्रा में सोना-चांदी, नकदी और अन्य सामग्री बरामद की। जांच के दौरान सामने आया कि बिना वैध लाइसेंस के लोगों को भारी ब्याज पर पैसा देकर उनकी संपत्तियां गिरवी रखवाई जा रही थीं। इस पूरे नेटवर्क से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

इनके यहां हुई कार्रवाई

पुलिस ने मनोहरथाना थाना क्षेत्र के आंवलहेड़ा निवासी कृष्ण गोपाल, राजाराम, भारत सिंह तथा मनोहरथाना निवासी भप्पा सोनी उर्फ श्रीकिशन के ठिकानों पर कार्रवाई की। वहीं जावर थाना क्षेत्र में परमानंद तथा पिड़ावा थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा निवासी ओंकार सिंह और शंकर सिंह के यहां भी छापेमारी की गई। इसके अलावा सुनेल थाना क्षेत्र के केसरपुरा और घाटोली थाना क्षेत्र में भी संदिग्ध अवैध साहूकारी एवं वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए।

ये हुआ बरामद

कार्रवाई में पुलिस ने 321 किलो चांदी, 4 किलो सोना, 37 लाख 35 हजार 300 रुपए नकद, 128 थ्रेशर मशीनें, 35 कल्टीवेटर, 25 ट्रॉलियां, तीन ट्रैक्टर, दो बोलेरो पिकअप, एक टाटा 407, एक अन्य वाहन, एक टेम्पो और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की। इसके अलावा छह जिंदा कारतूस भी बरामद हुए, जिन पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

दस्तावेजों ने खोले कई राज

तलाशी के दौरान पुलिस को लेन-देन की डायरी, बही-खाते, हस्ताक्षरित खाली स्टांप पेपर, ब्लैंक चेक, चेकबुक, बैंक पासबुक तथा गिरवी रखे गए आभूषणों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। पुलिस इन रिकॉर्ड के आधार पर पूरे नेटवर्क की वित्तीय जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि कितने लोगों को अवैध ब्याज के जाल में फंसाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here