Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या के राम मंदिर में दानपात्रों से चोरी के मामले पर पहली बार RSS ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों रामभक्तों की आस्था को गहरा आघात पहुंचा है और दोषियों के (Ayodhya Ram Mandir)खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
संघ ने बताया कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया है और उसकी अनुशंसा के आधार पर कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. बयान में कहा गया है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
RSS ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास से अपेक्षा जताई कि वह इस घटना को असाधारण मानते हुए मंदिर की व्यवस्था और संचालन में मौजूद सभी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए। बयान में कहा गया कि वर्तमान में बने भ्रम और असमंजस की स्थिति को समाप्त करना आवश्यक है, ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास अक्षुण्ण बना रहे।
संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल आवश्यक कदम उठाएंगे। साथ ही समुचित वित्तीय प्रबंधन, पारदर्शी व्यवस्था, सुचारु संचालन तथा शुद्धता और पवित्रता से युक्त धार्मिक वातावरण के माध्यम से राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास समाज के विश्वास को और मजबूत करेगा।
आखिर में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की। संघ ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिंदू विरोधी और राष्ट्र विरोधी शक्तियां हिंदू धर्म और समाज को बदनाम करने का प्रयास कर सकती हैं। ऐसे किसी भी षड्यंत्र को समाज की सजगता और एकजुटता से विफल किया जाना चाहिए।
































































