जिला प्रमुख चुनाव: 37 में से 24 जिलों पर कांग्रेस का कब्जा, चूरू और ब्यावर में बड़ा उलटफेर

क्रॉस वोटिंग और लॉटरी के बीच जयपुर में यशवीर सूरा बने जिला प्रमुख; बीएपी को दो और आरएलपी को एक सीट मिली।

4
'राजस्थान पंचायत चुनाव' लिखे बोर्ड के दोनों ओर कांग्रेस और भाजपा के झंडे और भीड़ दिखाई दे रही है, पृष्ठभूमि में एक ऐतिहासिक इमारत है
राजस्थान के 37 जिलों के जिला प्रमुख चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने 24 और भाजपा ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की

JAIPUR : राजस्थान के 37 जिलों में जिला प्रमुख पद के लिए बुधवार को हुए चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी बढ़त बनाते हुए 24 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को 10 जिलों से संतोष करना पड़ा। दो सीटों पर भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और एक सीट पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने बाजी मारी। कई जगह क्रॉस वोटिंग और लॉटरी ने नतीजों की तस्वीर बदल दी।

जयपुर में कांग्रेस के यशवीर सूरा ने भाजपा के राजेश गुर्जर को हराकर जिला प्रमुख की कुर्सी संभाली। मतदान से पहले जिला परिषद परिसर के बाहर कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी बहस भी हुई, जिसे बाद में अधिकारियों ने शांत कराया। उधर, चूरू में बहुमत के बावजूद कांग्रेस पिछड़ गई और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह जिला प्रमुख बन गईं। ब्यावर में भी 27 में से 14 सीटें होने के बावजूद भाजपा को एक क्रॉस वोट के चलते हार झेलनी पड़ी और कांग्रेस की ममता गुर्जर विजयी रहीं।

अन्य अहम मुकाबलों में अजमेर से भाजपा की पूजा भंसाली 10 वोटों से जीतीं, जबकि बीकानेर में कांग्रेस की निकिता डूडी ने बागी निर्दलीय सरिता चौहान को पांच मतों से हराया। बागी रुख के बाद कांग्रेस ने पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल और सरिता मेघवाल को पार्टी से निलंबित कर दिया। नागौर में आरएलपी के पांचाराम इंदावड़ जीते, जबकि बांसवाड़ा और डूंगरपुर में बीएपी ने क्रमशः एक वोट और लॉटरी के सहारे जीत हासिल की। प्रतापगढ़ में बीएपी के समर्थन और क्रॉस वोटिंग के दम पर भाजपा की हकरी कुमारी चुनी गईं, वहीं डीडवाना-कुचामन में लॉटरी से भाजपा के बुद्धाराम ने बाजी मारी।

खैरथल-तिजारा में भाजपा के इंद्रजीत यादव पहले जिला प्रमुख बने और बालोतरा में भी भाजपा की सुशीला ने जीत दर्ज की। वहीं जैसलमेर में संतोष कुमारी, दौसा में बीना बैरवा और सवाई माधोपुर में आशा देवी निर्विरोध जिला प्रमुख चुनी गईं। पंचायत चुनाव के बाद आए इन नतीजों को लेकर कांग्रेस नेता इसे सत्ता के खिलाफ संदेश बता रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here