ड्रग माफियाओं की कमर तोड़ने उतरी ANTF! जालोर से जयपुर तक ताबड़तोड़ कार्रवाई, 5 तस्कर गिरफ्तार

7
ANTF Rajasthan

ANTF Rajasthan: जयपुर। राजस्थान को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने प्रदेशभर में एक ही दिन में चार बड़ी कार्रवाई कर नशा तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में जालोर, ब्यावर और जयपुर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से चलाए गए अभियान में भारी मात्रा में अफीम, स्मैक, गांजा और नकदी बरामद कर (ANTF Rajasthan)पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

भीनमाल में रसोई से मिली अफी

पहली कार्रवाई जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के जेरण गांव में की गई। एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने जुठाराम देवासी के घर पर छापा मारकर रसोई में छिपाकर रखी गई 938 ग्राम अवैध अफीम बरामद की। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

ब्यावर में पति-पत्नी कर रहे थे स्मैक सप्लाई

ब्यावर सिटी थाना क्षेत्र में खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने स्कूटी से स्मैक की डिलीवरी देने पहुंचे पति-पत्नी को दबोच लिया। तलाशी में 24.88 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी दीपक कुमार और उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी को गिरफ्तार कर लिया गया।

जयपुर ग्रामीण में महिला तस्कर पकड़ी गई

शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में पूर्णिमा कॉलेज के पीछे एक महिला के कब्जे से 335 ग्राम गांजा, 0.71 ग्राम स्मैक और 21,500 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपिया शरबत देवी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

नारायण विहार में भी कार्रवाई

जयपुर शहर के नारायण विहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने लाली देवी नामक महिला को गिरफ्तार किया। उसके बैग से 142 ग्राम गांजा और 2 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त

एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशा कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को एएनटीएफ कंट्रोल रूम या व्हाट्सएप पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here