Rajasthan ANTF: जयपुर। राजस्थान को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने प्रदेशभर में एक साथ बड़ा अभियान चलाते हुए सात जिलों में बैक-टू-बैक सात कार्रवाई कर नशा तस्करों पर करारा प्रहार किया।(Rajasthan ANTF) डीजीपी राजीव कुमार शर्मा और एडीजीपी दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में एएनटीएफ की विभिन्न टीमों ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 8 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक कार और तीन मोटरसाइकिल सहित चार वाहन जब्त किए। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में डोडा पोस्त, हेरोइन (चिट्टा), गांजा और सिंथेटिक ड्रग एमडी बरामद की गई।
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि यह अभियान श्रीगंगानगर, पाली, उदयपुर, डीग, बाड़मेर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में एक साथ चलाया गया। सभी जगहों पर खुफिया सूचना के आधार पर घेराबंदी कर तस्करों को दबोचा गया।
श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ सदर क्षेत्र में पंजाब के फाजिल्का निवासी एक हेरोइन सप्लायर को झाड़ियों में छिपे होने के बावजूद पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से 40 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं पाली जिले में फिल्मी अंदाज में तेज रफ्तार कार का पीछा कर पुलिस ने 45.700 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया और जोधपुर निवासी तस्कर को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली।
उदयपुर के मंडावा क्षेत्र में दो तस्करों को दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 8.300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। डीग जिले के कुम्हेर में सप्लाई देने जा रहे एक 50 वर्षीय तस्कर को बाइक सहित गिरफ्तार कर 2.015 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
बाड़मेर के गालाबेरी गांव में खेत में बेर के पौधों के बीच छिपाकर रखा गया 5.500 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। हालांकि आरोपी मौके से फरार मिला, जिसकी तलाश जारी है। हनुमानगढ़ के संगरिया क्षेत्र में पुलिस को देखकर भाग रहे एक पेडलर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 6.27 ग्राम हेरोइन मिली।
उधर बीकानेर में जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में दो युवकों को टोयोटा शोरूम के पास संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 9.54 ग्राम सिंथेटिक ड्रग एमडी बरामद हुई।
आईजी विकास कुमार ने कहा कि राजस्थान पुलिस का ‘नशामुक्त राजस्थान’ अभियान पूरी सख्ती से जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का मानना है कि जनसहयोग से नशा तस्करी के नेटवर्क पर और प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।




































































