
बूंदी: राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद सियासी उठापटक लगातार जारी है। कई जिलों में अपनी-अपनी पार्टी का बोर्ड बनाने को लेकर सियासी जोड़-तोड़ चल रहा है। तो वहीं बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी जारी है। मगर इन सबके बीच बूंदी जिले की हिंडोली पंचायत समिति से ऐसी खबर सामने आई है, जिसे नरेश मीणा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
नरेश मीणा के साथी ही साथ छोड़ने पर उतारू?
प्रदेश में पंचायत चुनाव में नरेश मीणा ने बहुजन समाज पार्टी के सिंबल तले अपने प्रत्याशी उतारे थे, उनमें से कई प्रत्याशियों ने जीत भी दर्ज की है। मगर हाल ही में नरेश मीणा कि ओर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया गया है, जिसने जिले के राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। नरेश मीणा की इस पोस्ट के बाद चर्चाएं तेज है कि क्या नरेश मीणा के साथी ही जीत के बाद उनका साथ छोड़ने पर उतारू हो गए है।
नरेश मीणा ने प्रत्याशियों को दी सख्त चेतवानी
दरअसल चर्चाएं है कि नरेश मीणा के नेतृत्व में बीएसएस के टिकट पर चुनाव लड़क विजयी होने वाले कुछ प्रत्याशी पर पाला बदलने के मूड में है। सोशल मीडिया के जरिए नरेश मीणा ने उन्हें सख्त चेतावनी देते हुए वापस से अपने कैंप में लौटने का अल्टीमेटम दिया है और ऐसा नहीं करने पर उनके घरों के बाहर धरना देने की बात भी कही है। हालांकि नरेश मीणा ने अपनी पोस्ट में सीधे तौर पर किसी भी प्रत्याशी का नाम नहीं लिया है।
नरेश मीणा बोले- सामने नहीं हूं तो इसका मतलब यह नहीं कि मैं मर गया
नरेश मीणा ने अपनी पोस्ट में पाला बदलने की अटकलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना अगले दिन तक तीनों विजयी प्रत्याशियों को कैंप में शामिल होने को कहा है। नरेश मीणा ने लिखा कि “हमने टिकट दिए, वोटों के लिए जनता के सामने झोली फैलाई। अब अगर जीते हुए कैंडिडेट नीयत खराब करें और बोली लगवाएं तो सोच लेना, जितनी तुम कीमत लोगे, वही कीमत हर मतदाता तुमसे वसूलेगा। जनता ऐसा जनाजा निकालेगी कि कोई राम-राम तक नहीं करेगा। मैं प्रत्यक्ष रूप से सामने नहीं हूं तो इसका मतलब यह नहीं कि मैं मर गया।”
आखिर किसकी ओर है नरेश का इशारा?
नरेश मीणा ने अपनी पोस्ट में किसी प्रत्याशी का नाम नहीं लिखा है। मगर चुनावी आंकड़ों पर नजर डाले तो हिंडोली पंचायत समिति में बसपा के टिकट पर तीन महिला प्रत्याशी ही जीती हैं। वार्ड-2 से ममता, वार्ड-15 से लक्ष्मी मीणा और वार्ड-17 से सुशीला मीणा। ऐसे में नरेश मीणा की इस चेतावनी का सीधा इशारा इन्हीं तीनों की ओर माना जा रहा है।
बहरहाल, नरेश मीणा की इस पोस्ट ने उनके समर्थकों की चिंता जरूर बढ़ा दी है। मगर वो कहते है कि सियासत में ऊंट कब किस करवट बैठ जाए ये कोई नहीं जानता। राजनीतिक पंडितों के मुताबिक अगर ये जीते हुए प्रत्याशी नरेश मीणा को इस तरह बीच मजधार में अकेला करते है तो, राजस्थान में तीसरा मोर्चा स्थापित करने का सपना देखने वाले नरेश मीणा के लिए एक करारा झटका साबित हो सकता है।



































































