‘गरीब को रोटी के साथ आत्मसम्मान भी मिला’: मदन राठौड़ का दावा, 12 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर

अंत्योदय और जनकल्याणकारी योजनाओं को बताया बदलाव का आधार; हालांकि विश्व बैंक के आंकड़ों और 50 करोड़ के दावे के बीच दिखा अंतर।

4
राजस्थानी पगड़ी और भगवा दुपट्टा पहने माइक पर संबोधित करते राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़
जयपुर: कार्यक्रम को संबोधित करते राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़।

JAIPUR : राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बुधवार को गरीबी उन्मूलन को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों ने गरीबों को केवल सहारा ही नहीं, बल्कि “आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता” भी दी है। जयपुर में जारी बयान में उन्होंने दावा किया कि बीते 12 वर्षों में करीब 50 करोड़ भारतीय अत्यंत गरीबी से बाहर निकले हैं।

राठौड़ ने इस बदलाव का श्रेय केंद्र सरकार की अंत्योदय की सोच और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को दिया। उन्होंने कहा कि पीढ़ियों से अभाव झेल रहे आखिरी पायदान के परिवारों में अब सुरक्षा और व्यवस्था पर भरोसा जगा है, जो “नए भारत की पहचान” है। अपने दावे के पक्ष में उन्होंने जन धन योजना, पीएम आवास, मुद्रा ऋण, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन, स्वच्छ भारत और हर घर जल जैसी योजनाओं को गरीबों के जीवन में बदलाव का आधार बताया।

हालांकि, राठौड़ का 50 करोड़ का दावा अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के अनुमान से काफी अधिक है। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, 2011-12 से 2022-23 के बीच भारत में अत्यंत गरीबी (3 डॉलर प्रतिदिन की सीमा) से बाहर निकलने वालों की संख्या 26.9 करोड़ रही, जिससे गरीबी दर 27.1 प्रतिशत से घटकर 5.3 प्रतिशत पर आई। पुरानी 2.15 डॉलर की सीमा के हिसाब से यह संख्या करीब 17.1 करोड़ (16.2% से 2.3%) है। इस रिपोर्ट पर सत्ता पक्ष और विपक्ष पहले भी अपने-अपने दावे कर चुके हैं, जबकि विश्व बैंक ने सर्वे के तरीकों में बदलाव के कारण दीर्घकालिक तुलना को जटिल बताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here