हाथ में स्टेयरिंग, साथ में दोस्त और सड़क पर चीखें….लखनऊ की शाम बन गई खौफनाक

6
UP Crime News
UP Crime News: लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर तेज रफ्तार ने जिंदगी छीन ली। कानपुर के चर्चित ‘लैंबॉर्गिनी कांड’ की चर्चा अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि बंथरा इलाके में एक 12वीं के छात्र की लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली। हादसे में 6 लोग घायल हुए, जिनमें से(UP Crime News) 6 वर्षीय दीक्षांत पटेल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

स्कूल फेयरवेल से लौट रहा था छात्र

पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार 12 फरवरी की शाम करीब 6 बजे की है। कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर (बंथरा कस्बा) के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पहले एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे लोगों पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि कार चला रहा छात्र 12वीं कक्षा में पढ़ता है और कथित तौर पर स्कूल फेयरवेल से लौट रहा था। कार में उसके साथ एक महिला मित्र भी मौजूद थी। हादसे के बाद छात्र ने घबराकर अपनी मित्र को रास्ते में उतारा और मौके से फरार हो गया।

इन लोगों को आईं गंभीर चोटें

दुर्घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में अरमान (12 वर्ष), अवध बिहारी (42 वर्ष), साधना वर्मा (35 वर्ष), मीना देवी (60 वर्ष) और 6 वर्षीय दीक्षांत पटेल शामिल हैं। दीक्षांत की हालत गंभीर थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस की जांच तेज, आरोपी की तलाश जारी

हादसे के बाद पुलिस ने छात्र की महिला मित्र से पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर दुर्घटना में शामिल स्विफ्ट कार को बरामद कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी छात्र फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि छात्र के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वाहन किसके नाम पर पंजीकृत है और क्या अभिभावकों की लापरवाही भी इस हादसे की जिम्मेदार है।

बड़ा सवाल: नाबालिगों के हाथों में स्टेयरिंग कब तक?

लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे यह सवाल खड़ा कर रहे हैं कि आखिर नाबालिगों के हाथों में महंगी और तेज रफ्तार गाड़ियां कैसे पहुंच रही हैं? विशेषज्ञों का कहना है कि केवल चालक ही नहीं, बल्कि वाहन मालिक और अभिभावकों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। फिलहाल, मासूम दीक्षांत की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। परिवार में मातम पसरा है और स्थानीय लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here