
Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी से उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ ने देश के तटीय और मैदानी इलाकों में भीषण तबाही मचाई है। आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद इस तूफान के कारण अब तक 5 लोगों की जान जा चुकी है। तूफान के असर से देश के 15 से अधिक राज्यों में मौसम का मिज़ाज बिगड़ गया है और उत्तर से लेकर मध्य भारत तक बारिश का दौर शुरू हो गया है, जो अगले दो दिनों तक जारी रहने की आशंका जताई गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग और मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चक्रवात अर्नब करीब 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तूफानी हवाओं और मूसलाधार बारिश के साथ आंध्र प्रदेश के काकीनाडा व यनम तट से टकराया। इस तबाही से भारी संख्या में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ओडिशा के 16 जिलों और छत्तीसगढ़ के रायपुर समेत 9 प्रभावित जिलों में गुरुवार को सभी सरकारी व निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। ओडिशा प्रशासन ने तटीय व संवेदनशील इलाकों से लगभग 30 हजार लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया है।
मध्य भारत में भी इस चक्रवात का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश के सतना, कटनी, छतरपुर, भोपाल, ग्वालियर और बैतूल समेत 12 प्रमुख जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई है। राजस्थान के भरतपुर और कोटा संभागों में बादल बरसने के साथ जयपुर, सीकर, बाड़मेर और चूरू में दिन व रात के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आई है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड में भी अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। राज्य सरकारों ने राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है।































































