JAIPUR : सीमा पार से रची गई एक बड़ी आतंकी साजिश को राजस्थान के आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने बेनकाब कर दिया है। श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर 3 नवंबर को हुए धमाके की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से दो युवाओं, 21 वर्षीय महकदीप कौर और 23 वर्षीय दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है।
यह धमाका 3 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे 50 जीबी गांव के पास हुआ था। गनीमत यह रही कि विस्फोट से ठीक आधे घंटे पहले वहां से एक यात्री ट्रेन गुजरी थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। धमाके से पटरियों के बीच गड्ढा बन गया और ट्रैक के दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते इस रूट को करीब 10 घंटे तक बंद रखना पड़ा और आठ ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं।
ATS के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन के अनुसार, मुख्य आरोपी महकदीप कौर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर ‘शाह’ के संपर्क में थी। महकदीप का पति एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल में बंद है और इसी अकेलेपन व आर्थिक तंगी का फायदा उठाकर उसे प्यार के जाल में फंसाया गया। पाकिस्तान में बैठे आकाओं ने उसे और उसके साथी को काम के लिए 30,000 रुपये दिए थे।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी साजिश को अंजाम देने के लिए तीन बार राजस्थान आए थे। उन्होंने 6 अक्टूबर को इलाके की रेकी की, 12-13 अक्टूबर को ट्रैक पर विस्फोटक लगाया लेकिन वह फटा नहीं, और अंततः तीसरी बार 3 नवंबर को पैकेट रखकर धमाका कर दिया। संयुक्त पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपियों के पास से दो पिस्तौल, 46 कारतूस और नकदी बरामद हुई है, और अब पुलिस उनके स्थानीय मददगारों की तलाश कर रही है।







































































