झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी? कवाई थाने के हेड कांस्टेबल पर रिश्वत मांगने का आरोप, ACB ट्रैप

4
Rajasthan ACB

जयपुर । राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है। बारां जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना कवाई में तैनात एक हेड कांस्टेबल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि रिश्वत की रकम सीधे लेने के बजाय आरोपी ने एक कथित दलाल के माध्यम से परिवादी से पैसे मंगवाए थे। एसीबी टीम ने रकम बरामद कर दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

70 हजार की मांग, 15 हजार पर सौदा

एसीबी के अनुसार परिवादी गिर्राज नागर ने शिकायत दी थी कि कवाई थाने पर पदस्थापित हेड कांस्टेबल रामनिवास उसके खिलाफ एक्ट की कार्रवाई नहीं करने और झूठे मुकदमे में नहीं फंसाने की एवज में 70 हजार रुपए रिश्वत मांग रहा है।शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग सामने आई। सत्यापन में आरोपी द्वारा 15 हजार रुपए लेने पर सहमति जताई गई।

दलाल के जरिए पहुंचाई रिश्वत की रकम

शिकायत के आधार पर एसीबी चौकी बारां की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। उप महानिरीक्षक पुलिस ओम प्रकाश मीना के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालूराम वर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।आरोपी हेड कांस्टेबल रामनिवास ने कथित तौर पर परिवादी को रिश्वत की रकम हंसराज राठी के माध्यम से देने के लिए कहा। परिवादी द्वारा 15 हजार रुपए दिए जाने के बाद एसीबी टीम ने रकम बरामद कर ली और हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया। दलाल हंसराज राठी को भी मामले में पकड़ा गया है।

एसीबी की पूछताछ और जांच जारी

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।

एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1064 और WhatsApp हेल्पलाइन 9413502834 पर 24×7 संपर्क करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here