Rajya Sabha Election 2026: नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 26 सीटों पर होने वाले चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 18 जून को 12 राज्यों की 26 सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। इसी दिन मतगणना भी होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
निर्वाचन आयोग के नोटिफिकेशन के मुताबिक, राज्यसभा चुनाव के लिए 1 जून को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। (Rajya Sabha Election 2026)9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी।
इन राज्यों में होगा चुनाव
निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में चार-चार सीटों पर होंगे। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में तीन-तीन सीटों पर चुनाव कराया जाएगा। झारखंड में दो सीटों पर मतदान होगा, जबकि मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट पर चुनाव संपन्न होंगे।
महाराष्ट्र और तमिलनाडु में उपचुनाव
आयोग ने महाराष्ट्र और तमिलनाडु की एक-एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव कराने की भी घोषणा की है। महाराष्ट्र की सीट उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है, जबकि तमिलनाडु की सीट AIADMK नेता सी. वे. षणमुगम के इस्तीफे के चलते खाली हुई है। इन दोनों सीटों पर भी 18 जून को ही मतदान कराया जाएगा।
प्रमुख नेताओं का कार्यकाल…
राज्यसभा के जिन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन और रवनीत सिंह बिट्टू शामिल हैं। ऐसे में इस चुनाव को राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राज्यसभा चुनाव में विभिन्न राज्यों की विधानसभा में दलों की संख्या बल के आधार पर उम्मीदवारों की जीत तय होगी। ऐसे में कई राज्यों में राजनीतिक दलों के बीच रणनीतिक बैठकों और उम्मीदवार चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है। खासतौर पर राजस्थान, कर्नाटक, गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में चुनावी समीकरणों पर सभी की नजर बनी हुई है।
































































