जयपुर में मिलावटी तेल का बड़ा खेल! 3640 किलो सरसों तेल सीज, टैगोर ब्रांड पर उठे सवाल

10
Mustard Oil Seized

Mustard Oil Seized: जयपुर। प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुहाना मंडी स्थित एक फर्म से लगभग 3640 किलो सरसों तेल सीज कर दिया। तेल में मिलावट की आशंका(Mustard Oil Seized) जताते हुए नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने मुहाना मंडी स्थित मैसर्स कमल एंड कंपनी पर छापामार कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान टीम को टैगोर ब्रांड और विधि ब्रांड सरसों तेल के रंग और खुशबू में असामान्यता दिखाई दी, जिससे मिलावट की आशंका पैदा हुई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि दोनों ब्रांडों के तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित स्टॉक को बिक्री से रोकते हुए सीज कर दिया गया है।

टैगोर ब्रांड सरसों तेल

कार्रवाई के दौरान टैगोर ब्रांड सरसों तेल के 90 टीन, 5 लीटर क्षमता के 80 जार, 2 लीटर के 240 जार, 1 लीटर के 600 जार और आधा लीटर क्षमता के 480 जार सीज किए गए। वहीं, विधि ब्रांड के 22 टीन, 1 लीटर के 120 जार और आधा लीटर के 240 जार भी जब्त किए गए।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों ब्रांडों का सरसों तेल जयपुर के आकेड़ा डूंगर, लक्ष्मीनारायणपुरा और वीकेआई इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स गोयल ऑयल उद्योग द्वारा तैयार किया गया था। विभागीय अधिकारियों के अनुसार टैगोर ब्रांड सरसों तेल के नमूने पहले भी मिलावटी पाए जा चुके हैं, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ गई है।

इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान और राजेश नागर शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here