Heatwave Alert:देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का कहर जारी है. उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, उत्तर प्रदेश के आसपास के क्षेत्र व पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में लू का प्रकोप बढ़ रहा है. राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, (Heatwave Alert)जबकि सफदरजंग क्षेत्र में अधिकतम तापमान 44.3°C दर्ज किया गया है. वहीं बुधवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर में सबसे अधिक गर्मी रिकॉर्ड की गई है, श्रीगंगानगर 48.2 डिग्री तापमान के साथ दुनिया का सबसे गर्म शहर बन गया. भीषण गर्मी, रेगिस्तानी हवाओं और साफ आसमान ने यहां के हालात और खराब कर दिए हैं.
सबसे गर्म शहर की लिस्ट में
दुनिया का सबसे गर्म शहर की लिस्ट में सबसे ऊपर राजस्थान के श्रीगंगानगर का तापमान बुधवार को 48.2°C पहुंच गया, इसके अलावा राजस्थान के पिलानी में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अत्यधिक गर्मी की स्थिति को दर्शाता है. वहीं हरियाणा और चंडीगढ़ क्षेत्र में भी गर्मी का कहर जारी है. रोहतक में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और उत्तर प्रदेश के बांदा में पारा 47.8 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज में भी तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
सूरज की किरणें सीधे जमीन
श्रीगंगानगर के दुनिया का सबसे गर्म स्थान बनने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हैं, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह इलाका राजस्थान के उत्तरी हिस्से में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित है और थार रेगिस्तान के बेहद करीब है, मई के आखिरी दिनों में यहां की जमीन तेजी से गर्म होती है और इसकी वजह से तापमान अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाता है.
दूसरी ओर इस दौरान उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली तेज और शुष्क हवाएं राजस्थान और पाकिस्तान के रेगिस्तानी इलाकों से होकर गुजर रही हैं, जो बेहद गर्म और सूखी होती हैं. यही गर्म और शुष्क हवाएं दोपहर के समय तापमान को तेजी से बढ़ा देती हैं. इसके अलावा यहां हवा में नमी कम होने के कारण बादल नहीं बन रहे हैं और सूरज की किरणें सीधे जमीन पर पड़ रही हैं. साथ ही सूखी मिट्टी भी इस भीषण गर्मी को बढ़ाने में भूमिका निभा रही है.


































































