जानिए कौन हैं रणवीर सिंह परिहार? राजस्थान सरकार ने DoRIEO में सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

7

Ranveer Singh Parihar: जयपुर। राजस्थान सरकार ने राज्य सहकारिता सेवा के वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिकारी रणवीर सिंह परिहार को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए राजस्व आसूचना एवं आर्थिक अपराध निदेशालय (DoRIEO) में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया है। वर्तमान में रजिस्ट्रार, (Ranveer Singh Parihar)संस्था पंजीयन, जयपुर के पद पर कार्यरत परिहार अब प्रतिनियुक्ति पर वित्त (राजस्व) विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण वाले इस महत्वपूर्ण निदेशालय में अपनी सेवाएं देंगे।

अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी को मिली नई जिम्मेदारी

वर्ष 2015 बैच के राज्य सहकारिता सेवा अधिकारी रणवीर सिंह परिहार अपनी कार्यकुशलता, पारदर्शी कार्यशैली और प्रशासनिक दक्षता के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले वे राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा विभाग और ऊर्जा विभाग में मंत्री के निजी सचिव के रूप में भी प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए), राजस्थान सहकारी शिक्षा एवं प्रबंधन संस्थान (RICEM) तथा सहकारिता विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।

क्या है DoRIEO?

राजस्व आसूचना एवं आर्थिक अपराध निदेशालय (DoRIEO) राजस्थान सरकार के वित्त (राजस्व) विभाग के अधीन कार्य करने वाली प्रमुख जांच एजेंसी है। इसका मुख्यालय झालाना डूंगरी, जयपुर में स्थित है। यह एजेंसी जीएसटी, आबकारी, परिवहन, खान एवं खनिज, पंजीयन एवं मुद्रांक जैसे विभागों में कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की जांच करती है। साथ ही रियल एस्टेट धोखाधड़ी, फर्जी कंपनियों, सहकारी संस्थाओं में गड़बड़ी, अवैध कब्जे और आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों की जांच एवं अभियोजन भी इसके अधिकार क्षेत्र में शामिल है।

शिक्षा से प्रशासन तक उत्कृष्ट सफर

रणवीर सिंह परिहार ने वर्ष 2008 में राजस्थान लोक सेवा आयोग की कॉलेज व्याख्याता परीक्षा में लोक प्रशासन विषय में प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया था। उन्होंने शिक्षण के दौरान अनेक विद्यार्थियों का नि:शुल्क मार्गदर्शन किया, जिनमें से कई प्रशासनिक सेवाओं में चयनित हुए। बाद में उन्होंने प्रशासनिक सेवा में रहते हुए विभिन्न विभागों में चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

नवाचार के लिए मिल चुका सम्मान

सहकारिता विभाग में कार्यकाल के दौरान परिहार ने पारदर्शी और जनहितैषी प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए कई नवाचार लागू किए। उनके कार्यालय में ‘जीरो टॉलरेंस फॉर करप्शन’ और ‘जीरो पेंडेंसी’ जैसी कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए उन्हें हाल ही में सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा तथा राजफैड के प्रबंध निदेशक सौरभ स्वामी द्वारा राज्य स्तरीय सम्मान से भी सम्मानित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here