राजस्थान के शहरों की बदलेगी तस्वीर? BJP ने खोला विकास का पिटारा, 5 साल में होंगे ये बड़े काम

7
Rajasthan Urban Election 2026:

Rajasthan Urban Election 2026: जयपुर। राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने शहरों के विकास को लेकर बड़ा रोडमैप पेश किया है। भाजपा ने बुधवार को ‘नगरीय विकास संकल्प-पत्र 2026’ जारी करते हुए अगले पांच वर्षों में शहरों को स्वच्छ, (Rajasthan Urban Election 2026:)सुरक्षित, आधुनिक और सुविधासंपन्न बनाने के कई बड़े लक्ष्य घोषित किए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जयपुर में संकल्प-पत्र का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा घोषणा पत्र नहीं बल्कि संकल्प पत्र जारी करती है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव 2023 के संकल्प-पत्र में किए गए 78 प्रतिशत वादे सरकार ने 32 महीने में पूरे किए हैं। अब नगरीय निकायों के कायाकल्प पर फोकस किया जाएगा।

1 लाख आवासीय भूखंड और 7 लाख PNG कनेक्शन

संकल्प-पत्र में अगले पांच वर्षों में अलग-अलग आय वर्गों के लिए एक लाख आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा सात लाख से अधिक घरों में PNG कनेक्शन, महिलाओं के लिए 2,000 पिंक टॉयलेट्स और नए आवासीय क्षेत्रों में 15 लाख स्ट्रीट लाइट्स लगाने का लक्ष्य है।

स्ट्रीट वेंडर्स के लिए आधुनिक वेंडिंग जोन, पार्किंग स्थल और फूड कोर्ट विकसित करने की बात कही गई है। पुराने डंपिंग साइट्स पर जमा कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण और कचरा संग्रहण वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगाने का भी प्रस्ताव है।

CCTV से सुरक्षा, फ्लाईओवर और मल्टीलेवल पार्किंग

शहरों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए CCTV कैमरों की व्यवस्था की जाएगी। यातायात दबाव कम करने के लिए फ्लाईओवर, अंडरपास, ब्रिज, मल्टीलेवल पार्किंग और जरूरत के अनुसार रिंग रोड विकसित करने की दिशा में काम होगा। भवन नक्शों के ऑनलाइन निस्तारण को सरल बनाते हुए एक सप्ताह में प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

AI, ई-बस और हरित शहरों पर जोर

सड़क और सीवर की जांच में आधुनिक तकनीक, ट्रेंचलेस तकनीक, रोबोटिक सीवर क्लीनिंग मशीन और डिजिटल गैस डिटेक्टर के इस्तेमाल का प्रस्ताव है। युवाओं के लिए ई-लाइब्रेरी, रोजगार मेले और नगर निकायों में इंटर्नशिप की व्यवस्था की जाएगी।

इसके साथ ही ईवी चार्जिंग पॉइंट्स, AI आधारित अभय कमांड सेंटर, ई-बस सेवा, नगर वन, लवकुश वाटिकाएं और वर्षा जल संचयन जैसी योजनाओं पर भी जोर दिया गया है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

सीएम शर्मा ने कांग्रेस पर निकायों के पुनर्गठन, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 309 स्थानीय निकायों में एक साथ चुनाव कराने का काम किया है और जो संकल्प लिया गया है, उसे पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here