Women Empowerment: डेगाना/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प महिलाओं, युवाओं, किसानों और मजदूरों को सशक्त बनाकर विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसी सोच के तहत महिलाओं को सामाजिक, (Women Empowerment)आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को नागौर जिले के डेगाना क्षेत्र के तिलानेश गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल में महिलाओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में आए बदलाव की जानकारी ली और उन्हें योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के साथ अन्य महिलाओं को भी जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहल ने महिलाओं के जीवन स्तर में बड़ा सुधार किया है। राज्य सरकार भी डेयरी से जुड़े पशुपालकों को 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान दे रही है, जबकि राजीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है। लखपति दीदी योजना के तहत कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त किया गया है। वहीं मा वाउचर योजना के जरिए गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के पोषण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कार्यक्रम में कई महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा करते हुए बताया कि राजीविका और स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वे आत्मनिर्भर बनी हैं। मुख्यमंत्री ने इन अनुभवों को महिला सशक्तिकरण का प्रेरक उदाहरण बताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र महिला तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना है।




































































