Mukhyamantri Yuva Suyog: जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास से ‘मुख्यमंत्री युवा सुयोग’ प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करते हुए इसे प्रदेश के युवाओं को खेल, कौशल विकास, नेतृत्व और रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह मंच युवाओं को सही दिशा, सही अवसर और अपनी प्रतिभा दिखाने का व्यापक प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे सामूहिक खेलों के माध्यम से पंचायत और वार्ड स्तर तक युवा नेतृत्व विकसित किया जाएगा। (Mukhyamantri Yuva Suyog)उन्होंने बताया कि युवा सुयोग प्लेटफॉर्म को केंद्र सरकार के ‘माय भारत’ पोर्टल से एकीकृत किया जाएगा, ताकि युवाओं को अधिकतम लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बारां और बगरू के युवाओं से संवाद किया। युवाओं ने कहा कि इस पहल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल संस्कृति को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
पंचायत स्तर से खेल प्रतियोगिताओं
उन्होंने बताया कि वार्ड और पंचायत स्तर से खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत होगी, जहां विजेता टीमें विधानसभा स्तर तक प्रतिस्पर्धा करेंगी। इसके लिए युवा सुयोग पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा और स्कूलों, कॉलेजों तथा पंचायत स्तर के खेल मैदानों की डिजिटल मैपिंग भी की जाएगी। जिला स्तर पर सुयोग युवा क्लब बनाए जाएंगे, जो पंचायत और वार्ड स्तर के क्लबों से जुड़े रहेंगे। इसकी शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बगरू विधानसभा क्षेत्र और बारां जिले से होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में 1.78 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी हैं, जबकि करीब 1 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में सभी भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से आयोजित हुईं। साथ ही, राज्य कौशल नीति-2025, राजस्थान युवा नीति-2025, कौशल प्रशिक्षण, स्टार्टअप प्रोत्साहन और मुख्यमंत्री युवा संबल योजना जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने का कार्य निरंतर जारी है




































































