योजनाओं के क्रियान्वयन पर फोकस, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए तेज कामकाज के निर्देश

11
Rajasthan Secretariat:

Rajasthan Secretariat: जयपुर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में सचिवों की समिति (Committee of Secretaries) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव एवं शासन सचिव उपस्थित रहे।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, बजटीय प्रावधानों के विरुद्ध निधियों के उपयोग तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने योजनाओं के समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे।

ई-फाइलों के विभिन्न स्तरों

मुख्य सचिव ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक सरल और तेज बनाने पर जोर देते हुए कहा कि ई-फाइलों के निस्तारण की प्रक्रिया को और सुव्यवस्थित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ई-फाइलों के विभिन्न स्तरों की संख्या कम की जाए ताकि निर्णय प्रक्रिया में तेजी आए और प्रशासन अधिक दक्ष एवं उत्तरदायी बन सके। साथ ही, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण अभियानों की सफलता समाज की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है, इसलिए व्यापक जनजागरूकता और आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।उन्होंने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया।

साथ ही शिकायत निवारण अधिकारियों के प्रशिक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया ताकि नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।मुख्य सचिव ने विधानसभा प्रश्नों के त्वरित और तथ्यपरक उत्तर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी बल दिया गया। उन्होंने डी-रेगुलेशन सेल और राजनिवेश पोर्टल के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इज ऑफ डूइंग बिजनेस को और मजबूत किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here