Rajasthan Crime News: जयपुर। राजधानी जयपुर के जगतपुरा स्थित SKIT इंजीनियरिंग कॉलेज को मिले एक धमकी भरे ईमेल ने प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। ईमेल में कॉलेज परिसर में 6 RDX बम (IEDs) लगाए जाने और ‘सुसाइड अटैक’ की चेतावनी दी गई है। (Rajasthan Crime News)साथ ही सांप्रदायिक टिप्पणी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश भी की गई है।
ईमेल में क्या-क्या दावा?
कॉलेज के प्रिंसिपल को भेजे गए इस मेल में दावा किया गया है कि परिसर के भीतर विस्फोटक लगाए गए हैं। ईमेल में ‘श्रीलंकाई ईस्टर धमाकों’ जैसा हमला करने की धमकी दी गई। इसके अलावा कुछ राजनीतिक और व्यक्तिगत नामों का जिक्र करते हुए तमिलनाडु पुलिस से जुड़े संदर्भ भी जोड़े गए हैं, जिन्हें जांच एजेंसियां संदिग्ध और भ्रामक मान रही हैं।
सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश?
सबसे गंभीर पहलू यह है कि मेल में कथित तौर पर लिखा गया कि ‘सिर्फ मुस्लिम छात्रों को ही बाहर निकाला जाए।’ पुलिस इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और डर का माहौल बनाने की सुनियोजित साजिश मानकर जांच कर रही है। अधिकारी इस एंगल पर भी काम कर रहे हैं कि कहीं यह किसी शरारती तत्व द्वारा वैमनस्य फैलाने की कोशिश तो नहीं।
तलाशी अभियान जारी, कैंपस में सख्ती
धमकी मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने कॉलेज परिसर में गहन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर कोने की जांच की जा रही है।
साइबर सेल कर रही ट्रेसिंग
पुलिस की साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुटी है। यह मेल ‘रमीज़ा हुसैन’ नाम से भेजा गया बताया जा रहा है, लेकिन जांच एजेंसियां मान रही हैं कि यह फर्जी पहचान भी हो सकती है। तकनीकी जांच के जरिए असली हैंडलर तक पहुंचने की कोशिश जारी है।
पहली नजर में ‘हॉक्स मेल’, लेकिन सतर्कता बरकरार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला ‘हॉक्स मेल’ यानी अफवाह फैलाने वाला ईमेल प्रतीत हो रहा है। हालांकि सुरक्षा के लिहाज से किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
































































