Ahmedabad Crash: जो सफर सपनों को हकीकत में बदलने के लिए शुरू हुआ था, वो कुछ ही मिनटों में एक दर्दनाक अंत में बदल गया। गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाला एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (AI 171) उड़ान भरने के महज दो मिनट बाद हादसे का शिकार हो गया। इस विमान हादसे में मरने वालों में राजस्थान के भी 10 लोग शामिल थे। (Ahmedabad Crash)इस दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई।
एक ही परिवार के 5 सदस्य नहीं रहे
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में बांसवाड़ा के रहने वाले एक ही परिवार के 5 लोग सवार थे, जिनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस फोटो में डॉ. प्रदीप जोशी और उनकी पत्नी डॉ. कोनी व्यास के साथ उनके तीन बच्चे मिराया जोशी, नकुल जोशी और प्रद्युत जोशी दिखाई दे रहे हैं। यात्रा के दौरान डॉ. प्रदीप जोशी ने विमान के अंदर अपने परिवार के साथ सेल्फी ली थी। इस हादसे में पांचों लोगों की जान चली गई।
उदयपुर की नौकरी छोड़ लंदन जा रही थीं डॉ. कोनी
डॉ. प्रदीप जोशी लंदन में डॉक्टर थे और उनकी पत्नी डॉ. कोनी व्यास उदयपुर के पेसिफिक अस्पताल की नौकरी छोड़कर अपने पति के साथ लंदन शिफ्ट होने जा रही थीं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, डॉ. कोनी ने एक महीने पहले इस्तीफा दिया था। इस हादसे की खबर मिलते ही उनके घर में मातम छा गया।
उदयपुर के भाई-बहन की भी मौत
उदयपुर से शगुन मोदी और शुभ मोदी नामक भाई-बहन भी इस विमान में सवार थे। वे लंदन में पढ़ाई कर रहे थे और मार्बल व्यापारी पिंकू मोदी के बच्चे थे। कुछ समय के लिए भारत आए थे और अब फिर से पढ़ाई के लिए लौट रहे थे। लेकिन ये सफर उनका अंतिम सफर बन गया।
लंदन में शेफ के तौर पर काम कर रहे दो युवक भी नहीं बचे
वल्लभनगर तहसील के रूदेड़ा गांव के वरर्दी चंद्र मेनारिया और रोहिडा गांव के प्रकाश चंद मेनारिया भी इस दुर्घटना का शिकार हो गए। दोनों लंदन में शेफ के रूप में कार्यरत थे और हाल ही में भारत आए थे। अब उनका परिवार गहरे शोक में है।
शादी के बाद पहली उड़ान, पर नहीं लौटी खुशबू
बालोतरा की खुशबू तंवर की भी इस हादसे में मृत्यु हो गई। तीन महीने पहले ही उनकी शादी जोधपुर के खानाबेरा पुरोहितान में हुई थी। वह पहली बार अपने डॉक्टर पति के पास लंदन जा रही थीं। अहमदाबाद से उड़ान भरने के बाद किस्मत ने उनके जीवन की दिशा ही बदल दी।