DHAKA : पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर में वतन लौटने के ऐलान के बाद बांग्लादेश में हिंसा की आग फिर भड़क उठी है। नरैल जिले के कालिया इलाके में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के दो नेताओं की हत्या के बाद गुस्साई भीड़ ने 50 से ज्यादा घरों और कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया। निशाना बनाए गए घरों में प्रतिबंधित अवामी लीग के पूर्व सांसद कबीरुल हक मुक्ति का मकान भी शामिल है।
सड़क पर पेड़ गिराकर रास्ता रोकने के कारण दमकल की गाड़ियां चार घंटे देरी से मौके पर पहुंचीं, तब तक भारी नुकसान हो चुका था। अवामी लीग की छात्र इकाई के अध्यक्ष हुसैन सद्दाम ने आरोप लगाया कि जलाए गए घरों में कई हिंदू परिवारों के घर भी थे।
देश में बढ़ती आगजनी और 19 नवंबर के देशव्यापी बंद के बीच विदेश मंत्री हुमायूं कबीर ने अवामी लीग को “आतंकी संगठन” बताते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेश में बैठे अवामी लीग के नेता हिंसा भड़का रहे हैं।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 से भारत में रह रहीं हसीना को नवंबर 2025 में एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी। उन्होंने दिसंबर में लौटकर सरेंडर करने की इच्छा जताते हुए नए पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है, जिसे ढाका ने खारिज कर दिया है। बांग्लादेश सरकार का कहना है कि हसीना को आम यात्री की तरह नहीं, बल्कि प्रत्यर्पण संधि के तहत वापस लाया जाएगा।






































































