टैक्स में छूट दी, अब सैलरी और नौकरियां कब बढ़ाएंगे? पीएम मोदी ने कॉर्पोरेट जगत को दिखाया आईना

फिक्की के शताब्दी अधिवेशन में उद्योगपतियों से प्रधानमंत्री का सीधा सवाल; कहा— 12 लाख तक की आय टैक्स-फ्री की, भारतीय उपभोक्ताओं को 'दोयम दर्जे' का समझना बंद करें

5
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली में फिक्की (FICCI) के शताब्दी अधिवेशन को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। उन्होंने उद्योग जगत से नौकरियां और वेतन बढ़ाने की अपील की।

NEW DELHI :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के कॉर्पोरेट और उद्योग जगत को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि सरकार की ओर से दी गई भारी टैक्स रियायतों के बदले अब उन्हें भी रोजगार बढ़ाने और कर्मचारियों के वेतन में इजाफा करने की जिम्मेदारी निभानी होगी। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में फिक्की (FICCI) के शताब्दी अधिवेशन और वार्षिक आम बैठक (AGM) को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से सीधा सवाल किया कि पिछले एक दशक के आर्थिक सुधारों का लाभ उन्होंने अपने कर्मचारियों और आम उपभोक्ताओं तक कितना पहुंचाया है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने 2014 के बाद किए गए बड़े कर सुधारों का जिक्र किया। उन्होंने याद दिलाया कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स की आधार दर को 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत किया और नई कर व्यवस्था के तहत सालाना 12 लाख रुपये तक की आय को पूरी तरह टैक्स-फ्री कर दिया।

इस पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से पूछा, “मैंने 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स से मुक्त कर दिया, लेकिन क्या आपने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई? क्या आपने नए लोगों को नौकरी दी? नहीं। रवैया यही रहता है कि ‘मोदी जी, आप करते रहिए, हम देख लेंगे’।” उन्होंने यह भी कहा कि पहले इनकम टैक्स रिफंड आने में आठ महीने लग जाते थे, जो अब महज एक हफ्ते में मिल जाता है, जिससे बाजार में नकदी और लोगों की क्रय शक्ति बढ़ी है।

प्रधानमंत्री ने कंपनियों की ‘एक्सपोर्ट क्वालिटी’ वाली मानसिकता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दो टूक कहा कि भारतीय कंपनियों को अपने ही देश के 140 करोड़ उपभोक्ताओं को हल्के में लेना और उन्हें ‘दोयम दर्जे’ का समझना बंद करना होगा। उन्होंने कहा कि “यह माल तो बिक ही जाएगा” वाली सोच छोड़कर घरेलू बाजार में भी वैश्विक स्तर के उत्पाद उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अगले दो दशक भारत के लिए बेहद निर्णायक हैं। उन्होंने उद्योग जगत से अपील की कि वे केवल अपने कम्फर्ट जोन में न रहें, बल्कि फार्मा सेक्टर के कच्चे माल (API), कृषि और आधुनिक तकनीक में बड़े निवेश करें ताकि आयात पर निर्भरता खत्म हो सके। पीएम ने विश्वास दिलाया कि यह उद्योगों की मित्र सरकार है, इसलिए उद्योगपति बिना किसी झिझक के सुधारों के लिए अपने सुझाव भेजें और हर दीर्घकालिक निवेश में ‘इंडिया फर्स्ट’ को आधार बनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here