जयपुर में दर्दनाक हादसा: पूर्णिमा यूनिवर्सिटी की छठी मंजिल से गिरी MBA छात्रा यशस्वी, मौत

मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दिन घटी दर्दनाक घटना; कैंपस प्लेसमेंट के बाद दोस्तों से बात कर छत पर पहुंची थी 23 वर्षीय छात्रा, यूनिवर्सिटी में छाया मातम।

3
जयपुर की पूर्णिमा यूनिवर्सिटी परिसर में नीचे गिरी छात्रा की तस्वीर और कोने में छात्रा यशस्वी रोहिल्ला की फोटो
जयपुर स्थित पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में इमारत की छठी मंजिल से नीचे गिरी 23 वर्षीय MBA छात्रा यशस्वी रोहिल्ला का शव credit : dainik bhaskar

JAIPUR :  राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित पूर्णिमा यूनिवर्सिटी परिसर में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ MBA सेकंड ईयर की 23 वर्षीय छात्रा यशस्वी रोहिल्ला की इमारत की छठी मंजिल से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह लगभग 10 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयपुर के गुर्जर की थड़ी (प्रेम नगर) की रहने वाली यशस्वी घटना से कुछ ही देर पहले परिसर में अपने दोस्तों से सामान्य बातचीत कर रही थीं। इसके बाद वह यूनिवर्सिटी की इमारत की छत की ओर चली गईं और कुछ ही समय बाद उनके छठी मंजिल से नीचे गिरने की खबर से हड़कंप मच गया।

गंभीर हालत में उन्हें तुरंत नजदीकी महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हाल ही में कैंपस प्लेसमेंट के जरिए नौकरी पाने वाली यशस्वी का शनिवार को मिड-सेमेस्टर एग्जाम भी था।

घटना की सूचना मिलते ही शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और आसपास के क्षेत्र को सील कर गहन छानबीन शुरू कर दी है। घटना के बाद एहतियातन यूनिवर्सिटी में छुट्टी घोषित कर परिसर को खाली करा लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी (CCTV) फुटेज, कॉल डिटेल्स और चश्मदीद छात्रों के बयानों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह एक दुर्घटना थी या मानसिक तनाव के चलते उठाया गया कोई कदम। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here