Lucknow : उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद (एमएलसी) सीटों पर हुए चुनावों के नतीजों और वाराणसी स्नातक सीट पर जारी मतगणना के बीच प्रदेश की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट साझा कर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने एमएलसी चुनावों में कांग्रेस के शून्य प्रदर्शन और हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों का हवाला देते हुए सपा-कांग्रेस गठबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
ओपी राजभर ने चुटकी लेते हुए अखिलेश यादव को जीत की बधाई दी और पूछा कि क्या उन्होंने अपने सहयोगी राहुल गांधी को भी बधाई दी है। राजभर ने तंज कसते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को प्रत्याशी तक नसीब नहीं हुए और जहां मिले, वहां उनका खाता भी नहीं खुला। उन्होंने कर्नाटक के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि आगामी चुनावों में खुद को बड़ा भाई बताने वाली कांग्रेस जब 200 से अधिक विधानसभा सीटें मांगेगी, तब अखिलेश को कांग्रेस के इस शून्य नतीजे और एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशियों के साथ न खड़े होने की सच्चाई याद दिलानी चाहिए।
दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की है। अखिलेश ने कहा कि जीत की खुशी में कोई जुलूस या शोरगुल न निकाला जाए, जिससे विरोधियों को माहौल बिगाड़ने का मौका मिले। उन्होंने भाजपा पर मतगणना में गड़बड़ी और धांधली की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए सभी नए विधान परिषद प्रतिनिधियों को सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
विधान परिषद चुनाव की 11 सीटों के घोषित नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि वाराणसी स्नातक सीट पर सपा बढ़त बनाए हुए है।
राजभर के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि एमएलसी चुनाव में जनता ने भाजपा की नीतियों को खारिज किया है और सरकार में शामिल नेता हार से बौखलाकर अनर्गल बयाबाज़ी कर रहे हैं।
https://x.com/oprajbhar/status/2115647044270658038?a=ApODnU3pB_j_hla39jA&s=20
































































